,

सरपंच पर FIR के बाद प्रधान आरक्षक लाइन अटैच: मंदिर में हुई चोरी से बिगड़ा था मामला, ग्रामीणों ने थाने का किया था घेराव / Shivpuri News

शिवपुरी के दिनारा थाने का पिछले रविवार देर शाम अलगी गांव के ग्रामीणों ने घेराव कर दिया था। इस दौरान पुलिसकर्मी पर अभद्रता का आरोप लगाते हुए उसके साथ खींचतान कर दी गई थी। इसका वीडियो सामने आने के बाद पुलिसकर्मी रवि मांजी की शिकायत पर दिनारा पुलिस ने अलगी सरपंच और बीजेपी नेता पुष्पेंद्र यादव के खिलाफ पुलिसकर्मी से अभद्रता और सरकारी काम में बाधा डालने की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

वहीं, अब शिवपुरी एसपी अमन सिंह राठौड़ ने प्रधान आरक्षक द्वारा किये गए बर्ताव को अनुशासनहीनता मानते हुए उसे बुधवार की शाम लाइन अटैच कर दिया है।

जानकारी के मुताबिक, 15-16 नवंबर की दरमियानी रात में अलगी गांव स्थित माता मंदिर से नकदी समेत करीब ढाई लाख रुपए के सामान की चोरी हो गई थी। अज्ञात चोरों ने माता की पोशाक भी चोरी कर ली थी। शिकायत के बाद दिनारा थाना पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। इस मामले में गांव में हुई पंचायत के बाद कुछ अहम तथ्यों के साथ ग्रामीण रविवार को फिर से दिनारा थाना शिकायत लेकर पहुंचे थे।

रविवार की शाम ग्रामीण काफी संख्या में थाने के बाहर एकत्रित हुए थे। इसी दौरान प्रधान आरक्षक रवि मांझी ग्रामीणों के बुलाने पर ना जाते हुए थाने के भीतर सोफे पर लेटे रहे। तभी अलगी सरपंच कुछ ग्रामीणों के साथ थाने के भीतर सोफे पर लेटे प्रधान आरक्षक रवि मांझी के पास गए, लेकिन प्रधान आरक्षक रवि मांझी ने अनसुना कर दिया था। इसी बात से भड़के ग्रामीणों ने थाने के बाहर घेराव करते हुए प्रधान आरक्षक रवि मांझी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की थी। इसका एक वीडियो भी सामने आया था।

इसी मामले में एसपी अमन सिंह राठौड़ ने अनुशासनहीनता मानते हुए प्रधान आरक्षक रवि मांजी को लाइन अटैच किया हैं। इससे पहले दिनारा थाने के बाहर रविवार की रात धरना प्रदर्शन के दौरान जब प्रधान आरक्षक रवि मांझी ग्रामीणों के समक्ष अपना पक्ष रह रहे थे, तभी कुछ ग्रामीणों ने प्रधान आरक्षक का हाथ पकड़कर खींचा और धक्कामुक्की की। इसका एक वीडियो सोमवार को सामने आया था। इसी वीडियो को आधार मान कर दिनारा पुलिस ने अलगी सरपंच पुष्पेंद्र यादव और उसके सहयोगियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया था।