,

दस्टोंन में शामिल होने जा रहे परिवार की लोडिंग वाहन में भड़की आग, पुलिस ने बाल्टियों से पानी डालकर बुझाई / Shivpuri News

शिवपुरी: जिले के NH-27 अमोलपठा हाईवे चौकी के सामने एक लोडिंग वाहन में अचानक ने आग भड़क गई। हाईवे चौकी पुलिस ने बाल्टियों से पानी डालकर वाहन में भड़की आग पर काबू पा लिया था। बता दें कि लोडिंग वाहन में सवार होकर के एक परिवार के महिला-पुरुष और बच्चे दस्टोंन में शामिल होने जा रहे थे। जिन्हें पुलिस ने वाहन से सुरक्षित बाहर निकाल लिया था। बाद में कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने के लिए पुलिस ने ही अन्य वाहन की व्यवस्था की थी।


जानकारी के मुताबिक वनगवां गांव का रहने वाला नन्द किशोरसिंह कुशवाह अपने परिवार और रिश्तेदारों के साथ पिकअप लोडिंग वाहन में सवार होकर वनगवां से कोलारस दस्टोंन में शामिल होने जा रहा था। तभी सोमवार की देर शाम कोटा-झांसी हाइवे NH-27 पर लोडिंग वाहन के पिछले हिस्से में आग भड़कना शुरू हो गई थी। ड्राइवर ने तत्काल अमोलपठा चौकी के ठीक सामने वाहन को रोक दिया।

पुलिस चौकी के बाहर लोडिंग वाहन में उठती आग को देख चौकी प्रभारी सतीश जयंत के साथ अन्य पुलिस कर्मी वाहन के पास दौड़कर पहुंचे। जहां पहले महिलाओं और बच्चों को वाहन से तत्काल बाहर निकाला। बाद में बाल्टियों से पानी भरकर आग पर काबू पाया। बता दें आग लोडिंग वाहन के पिछले हिस्से में टायर के जरिए भड़की थी बाद में शॉर्ट सर्किट की वजह से इंजन तक पहुंच गई। लेकिन पुलिस ने समय रहते आग पर काबू पा लिया। बाद में पुलिस ने परिवार को कार्यक्रम स्थल तक पहुंचाने के लिए वाहन की व्यवस्था भी की।