,

मुरम के गड्ढे में मिला ग्रामीण का शव: परिजनों ने भाजपा मंडल अध्यक्ष पर लगाए हत्या के आरोप, थाने के बाहर शव रखकर जाम / Shivpuri News

शिवपुरी: जिले के मायापुर थाना क्षेत्र के तेहरी गांव के रहने वाले ग्रामीण का शव महुआ गांव के पास मुरम के गड्ढे में गुरुवार की सुबह पड़ा हुआ मिला। ग्रामीण बुधवार शाम से लापता हो गया था। परिजनों ने मायापुर भाजपा मंडल अध्यक्ष सहित उसके परिजनों पर हत्या करने के आरोप लगाते हुए शव को मायापुर थाना के बाहर रख कर रन्नौद-पिछोर मार्ग को जाम कर दिया।

बता दें कि गुरुवार सुबह 9 बजे से लगाया गया, जाम 4 बजे के बाद भी लगा हुआ है। इससे मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लगी रही। कई वाहनों को वापस लौटना पड़ रहा है।

बुधवार की रात से था लापता

परिजनों के मुताबिक, 48 वर्षीय बुन्देल सिंह यादव बुधवार की शाम अपने खेत से मजदूर करने के लिए बाइक पर सवार होकर निकला था। लेकिन वह रात में वापस नहीं लौटा था। देर रात से परिजनों ने बुन्देल सिंह की तलाश शुरू कर दी थी, लेकिन कोई सुराग हाथ नहीं लगा था। गुरुवार सुबह महुआ गांव के पास सड़क पर बुन्देल सिंह की बाइक रखी मिली। यहां से कुछ दूरी पर मुरम के एक गड्डे में बुन्देल सिंह मृत अवस्था में मिला था। उसके शरीर पर चोट के निशान थे। इसके बाद परिजन बुन्देल के शव को मायापुर थाना लेकर पहुंचे। यहां उन्होंने हत्या की धाराओं में मामला दर्ज करने की मांग की है।

भाजपा मंडल अध्यक्ष और उसके परिजनों पर हत्या का आरोप

परिजनों ने तेहरी गांव के रहने वाले और मायापुर भाजपा मंडल अध्यक्ष बंटी यादव और उसके परिवार के राहुल यादव, प्रतिपाल यादव और लक्ष्मण यादव पर हत्या के आरोप लगाए। परिजनों का कहना था कि पिछले दो दिनों से पुरानी रंजिश के चलते चारों लोग गाली-गलौच कर धमकी दे रहे थे। इन्हीं चारों ने बुन्देल सिंह की हत्या की है।

बता दें कि परिजन चारों पर हत्या की धाराओं में मामला दर्ज करने की मांग को सुबह 9 बजे से चक्काजाम करे बैठे हैं। वहीं पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज करने की बात कह रही है, लेकिन परिजन जाम से हटने को राजी नहीं है।

इस मामले में पिछोर एसडीओपी प्रशांत शर्मा का कहना हैं कि परिजन हत्या की धाराओं में मामला दर्ज करने के बात कह रहे हैं। उन्हें मर्ग के बाद पीएम रिपोर्ट आने के रिपोर्ट के आधार पर धाराओं में इजाफा करने की बात कहीं गई थी। लेकिन परिजन नहीं माने थे। परिजन अब मर्ग करवाने के लिए राजी हो गए हैं।