शिवपुरी: जिले की पिछोर पुलिस ने पिछोर कस्बे के एक निर्माणधीन मकान पर छापामार कार्रवाई करते हुए गुरुवार की शाम आतिशबाजी और उसे बनाने की सामग्री सहित बारूद बरामद किया है। आरोपी रहवासी क्षेत्र में बिना लाइसेंस के पटाखे बनाने का काम कर रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया हैं।
पिछोर थाना प्रभारी जीतेंद्र मावई ने बताया कि जोशियाना मोहल्ले में अवैध रूप से पटाखे बनाने की फैक्ट्री की सूचना मिली थी। पुलिस ने आबादी क्षेत्र में पहुंचकर मुरारीलाल कड़ेरे के घर के सामने दूसरे निर्माणाधीन मकान की तलाशी ली थी। यहां पुलिस को निर्माणाधीन मकान के पीछे एक गड्ढे में देसी पटाखे बनाने का 7 किलो ग्राम विस्फोटक बारूद (पाउडर) बरामद हुआ था। इसके साथ ही हाथ से बने हुए देसी पटाखे व निर्माण करने की सामग्री पुलिस ने बरामद की थी।
आरोपी मुरारी लाल पुत्र मोतीलाल कड़ेरे (65) आबादी क्षेत्र में अवैध रूप से बारूद भरकर पटाखे बनाने का काम करता था। पुलिस ने 37 हजार की बारूद सहित पटाखे बनाने की सामग्री और पटाखे जब्त कर आरोपी मुरारी लाल के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया हैं।
निर्माणाधीन मकान में बारूद भरकर बनाए जा रहे थे पटाखे: पुलिस ने दबिश देकर बारूद, पटाखे और अन्य सामग्री की जब्त / Shivpuri News




