कन्नौज

कन्नौज में सर्राफा व्यवसायी की गोली मारकर हत्या। बाइक सवार बदमाश सीसीटीवी में कैद।
कन्नौज में बाइक सवार बदमाशों ने गोली मारकर सर्राफा कारोबारी की हत्या कर दी। घटना शुक्रवार शाम 7:30 बजे की है। कारोबारी दुकान बंद करके बाइक से घर लौट रहे थे। दुकान से करीब 800 मीटर की दूरी पर सुनसान इलाके में बदमाशों ने अयाज को रोका। फिर जेवरात से भरा थैला छीनने लगे। विरोध करने पर कारोबारी को गोली मारकर फरार हो गए।
चांदी ले गए, जेवरात का थैला छोड़ दिया
इसके बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोग सर्राफा कारोबारी को लेकर अस्पताल गए। जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। मामला संज्ञान में आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। घटनास्थल की छानबीन की गई तो झाड़ी से लाखों के जेवरात से भरा थैला मिला है। हालांकि चांदी का थैला गायब बताया जा रहा। पुलिस लूट के अलावा दूसरे एंगल पर भी जांच कर रही है।

सर्राफा कारोबारी की हत्या पर गमगीन परिजन।
घटना गुरसहायगंज थाना क्षेत्र के फर्रुखाबाद-गुरसहायगंज रोड पर राजकीय इंटर कॉलेज के पास की है। कारोबारी अयाज (32) का घर समधन क्षेत्र के दारा सराय मोहल्ला में है। जबकि उसकी दुकान मलिकपुर में है।

सर्राफा कारोबारी के हत्या की जांच पड़ताल करती पुलिस।
सुबह झाड़ियों से मिला बैग
गुरसहायगंज कोतवाली प्रभारी जय प्रकाश शर्मा ने बताया, घटना की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। चीख-पुकार के बीच कारोबारी को लेकर नगर सीएचसी गए। हालात गंभीर होने के कारण सीएचसी के डॉक्टरों ने कानपुर रेफर कर दिया। कानपुर में इलाज के दौरान अयाज ने दम तोड़ दिया।

सर्राफा कारोबारी की हत्या करने वाले बाइक सवार बदमाश सीसीटीवी फुटेज में कैद।
शनिवार सुबह पुलिस ने दोबारा घटनास्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस को झाड़ियों में जेवरात से भरा बैग मिला। हालांकि चांदी वाला बैग गायब था। गायब बैग में क्या-क्या और कितनी मात्रा में था, उसका पता लगाया जा रहा है।

घटनास्थल पर मौके पर पहुंची पुलिस टीम जांच पड़ताल करती हुई।
पुलिस रंजिश के एंगल पर भी जांच कर रही
पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। बदमाशों ने क्या किसी पुरानी रंजिश में गोली मारी है। पुलिस इस एंगल पर भी जांच कर रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। समधन चौकी प्रभारी राजेश प्रताप सिंह ने बताया, तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। लुटेरों की धर पकड़ के प्रयास किए जा रहे हैं।

सर्राफा कारोबारी की हत्या पर पुलिस टीम हुई सक्रिय, स्थानीय लोगों की अयाज के घर पर भीड़।
वहीं घटना की सूचना पर एसपी अमित कुमार आनंद भी मौके पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने भी जांच-पड़ताल की। मामला का जल्द खुलासा कर लुटेरों को पकड़ने की बात कही। सर्राफा कारोबारी की कानपुर के रीजेंसी हॉस्पिटल में मौत हो गई है।










Be First to Comment