
शाजापुर। जिले में हुई अतिवृष्टि से किसानों की सोयाबीन फसल बर्बाद हो गई है। पौधों में अफलन के हालात है, इससे किसान परेशान है और फसल सर्वे की मांग कर रहे हैं। मंगलवार को दर्जनों किसान सर्वे कर मुआवजा देने की मांग को लेकर कलेक्टर के पास पहुंचे और तुरंत सर्वे कराने की मांग की। इसके बाद किसान हाईवे पर पहुंचे और जाम लगा दिया। करीब 15 मिनट तक चक्काजाम रहा। एसडीएम यूएस मरावी मौके पर पहुंचे और किसानों को समझाइश देकर जाम खुलवाया।



