,

सीहोर में महिला का आरोप: शराब पीकर पति ने तोड़े घर के सामान, 5 हजार और जेवर ले जाने का दावा; 3 बच्चों संग SP से लगाई सुरक्षा की गुहार / Shivpuri News

शिवपुरी। जिले के सीहोर थाना क्षेत्र की निवासी सीमा शर्मा ने अपने पति जितेन्द्र पाण्डे के खिलाफ पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर मारपीट, प्रताड़ना, घर में तोड़फोड़, नकदी और जेवर ले जाने तथा जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। महिला ने अपने तीन बच्चों के साथ जान-माल की सुरक्षा और पति के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की मांग की है।

सीमा शर्मा ने बताया कि उनका आरोप है कि पति आए दिन शराब पीकर घर में विवाद करता है और उनके साथ-साथ बच्चों के साथ भी मारपीट करता है। महिला के मुताबिक, पति घर-गृहस्थी का खर्च नहीं देता और बीमारी की स्थिति में इलाज भी नहीं कराता। परिवार के लोगों द्वारा समझाने के बाद भी कथित रूप से उसके व्यवहार में सुधार नहीं हुआ।

जानकारी के अनुसार, 20 अक्टूबर 2026 को पति ने कथित तौर पर शराब के नशे में घर में हंगामा किया और सामान में तोड़फोड़ की। महिला का आरोप है कि अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे 5 हजार रुपये, सोने की झुमकी, मंगलसूत्र और चांदी के जेवर लेकर चला गया। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।

सीमा शर्मा का कहना है कि घटना के बाद वह सीहोर थाने पहुंचीं, जहां उनके अनुसार एफआईआर दर्ज करने के बजाय सादे कागज पर आवेदन लिया गया। महिला ने आरोप लगाया कि शिकायत के बाद भी अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। आवेदन में यह भी कहा गया है कि पति कथित तौर पर उन्हें और बच्चों को जान से मारने तथा घर से बेदखल करने की धमकी दे रहा है। महिला ने पुलिस अधीक्षक से पति के खिलाफ मामला दर्ज कर उचित कानूनी कार्रवाई करने और अपने व बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।