Press "Enter" to skip to content

PHE ने किया WBM रोडों का 1 करोड़ 12 लाख का फर्जी भुगतान

आप नेता ने पत्रकारवार्ता में किया खुलासा, कहा- सीवेज ठेकेदार और पीएचई अधिकारियों की सांठगांठ से हुआ घोटाला

शिवपुरी। सीवेज ठेकेदार की सांठगांठ से पीएचई विभाग के अधिकारियों ने डब्ल्यूबीएम रोडों के नाम पर 1 करोड़ 12 लाख रूपए का फर्जी भुगतान कर दिया है। उक्त आरोप आज होटल हैप्पीनेस में आयोजित पत्रकारवार्ता में आप नेता एडवोकेट पीयूष शर्मा ने लगाया है। पीयूष शर्मा ने इस मामले में कार्रवाई हेतु पीएचई के प्रमुख सचिव प्रमोद अग्रवाल तथा कलेक्टर शिवपुरी को भी ज्ञापन सौंपा है। पत्रकारवार्ता में आप नेता पीयूष शर्मा ने बताया कि वर्ष 2013 में शिवपुरी शहर में सीवेज का कार्य प्रारंभ किया गया जिसकी क्रियान्वयन एजेन्सी लोक स्वास्थ्य यांत्रिकीय विभाग शिवपुरी थी। इस कार्य में प्रारंभ से ही ठेकेदार की सांठगांठ से पीएचई ने अनियमितताएं शुरू कर दी जिस पर उन्होंने माननीय उच्च न्यायालय में याचिका दायर की जिसमें अंतिम निर्णय 9 अक्टूबर 2014 को क्रियान्वयन एजेन्सी के शपथ पत्र के आधार पर उनके पक्ष में हुआ जिसमें क्रियान्वयन एजेन्सी ने कहा था कि अनुबंध की शर्तों के अनुसार काम किया जाएगा। श्री शर्मा का आरोप है कि सीवेज प्रोजेक्ट की क्रियान्वयन एजेन्सी ने उपरोक्त आदेश की लगातार अव्हेलना करते हुए अनियमितताएं जारी रखी जिससे  सीवेज प्रोजेक्ट फेल हो गया। उन्होंने कहा कि अनुबंध के अनुसार क्रियान्वयन एजेन्सी को नगर पालिका की सड़कों को खोदा जाना, पाइप लाइन बिछाना एवं उसका भराव एवं कॉम्पेक्शन करना तथा डब्ल्यूबीएम रोड डालकर सड़कों को नगर पालिका को सौंपना था, लेकिन क्रियान्वयन एजेन्सी ने ऐसा नहीं किया। नगर पालिका को 47 सड़कों में से 17 सड़कें बिना डब्ल्यूबीएम रोड डाले सौंप दी गई जिस पर नगर पालिका  ने सीसी रोड डाल दी है जिनकी जांच यदि हो जाए तो वस्तुस्थिति स्पष्ट हो जाएगी। वहीं शेष 30 सड़कों में भी डब्ल्यूबीएम सड़कें नहीं डाली गई है जिसका सत्यापन किया जा सकता है, क्योंकि यहां अभी नगर पालिका द्वारा सीसी रोड नहीं डाली गई है। शहर की जनता पीएचई एवं क्रियान्वयन एजेन्सी द्वारा पीडि़त एवं प्रताडि़त हो रही है। पीएचई अधिकारी ने डब्ल्यूबीएम रोडों का बिना कार्य किए  ही क्रियान्वयन एजेन्सी से सांठगांठ कर 1 करोड़ 12 लाख रूपए का फर्जी भुगतान कर लोकधन का बड़ा घोटाला किया है। 
More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!