एक बेरोजगार युवक मंगलवार को दक्षिण क्षेत्र से कांग्रेस विधायक प्रवीण पाठक के पास आधार कार्ड बनने में आ रही परेशानी को लेकर पहुंचा। युवक की उम्र 28 वर्ष थी लेकिन कद-काठी बच्चे की थी। विधायक को युवक ने अपना नाम अंकेश कोष्ठी निवासी तारागंज बताया। युवक की मां बीड़ी कारखाने में नौकरी करती है।
युवक ने बताया कि वह एचआर फायनेंस से एमबीए है लेकिन उसका कद छाेटा हाेने के कारण कोई उसे नौकरी नहीं देता। इस पर विधायक ने अंकेश के साथ अपना वीडियो बनाकर वायरल करते हुए कहा कि अंकेश ने अपनी आर्थिक व परिवारिक स्थिति ठीक न होने के बाद भी पढ़ाई में अपनी प्रतिभा दिखाई है।
इसके बाद भी उसे कद के कारण नौकरी में प्रतिभा दिखाने के मौके से वंचित किया जाना ठीक नहीं है। इस प्रतिभाशाली युवक को नौकरी देकर मदद करने वाले लोग आगे आ सकते हैं। इसके बाद शाम तक अंकेश को नौकरी देने के इच्छुक लगभग 40 कंपनी, व्यापारी व एजेंसियों ने संपर्क किया है। अब अंकेश को तय करना है कि उसे कहां नौकरी करना है।






Be First to Comment