
एक घंटे तक पुलिस उलझी रही सीमा विवाद में
शिवपुरी। कर्बला में आज सुबह एक 70 वर्षीय महिला की लाश पड़ी हुई थी। सूचना पाकर देहात और फिजीकल पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन एक घंटे तक वह सीमा विवाद में उलझी रही। इस दौरान मृतिका के परिवारजन भी मौके पर एक घंटे तक लाश के पास खड़े रहे। परिजनों के अनुसार वृद्धा को बीते रोज ग्वालियर के डॉक्टर ने कैंसर होने की बात कही थी तबसे ही वह काफी परेशान थी और कैंसर जैसी बीमारी के कारण ही वह कर्बला पुल से कूद गई और उसकी मौत हो गई। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

परिजनों के अनुसार जसविन्दर कौर पत्नी स्व. हरदयाल सिंह उम्र 70 वर्ष निवासी कोटा भगौरा की आंख के ऊपर एक फुंसी हो गई थी जिसका इलाज ग्वालियर में चल रहा था और बीते रोज डॉक्टर ने उक्त फुंसी को जांच के बाद कैंसर बताया जिससे जसविन्दर काफी व्यथित हो गई और कल उसने अस्पताल के सारे पर्चे और कागज घर में जला दिए और आज सुबह 4 बजे वह घर से निकल गई। तबसे ही सब लोग जसविन्दर की तलाश कर रहे थे जहां कर्बला पर उनकी चप्पलें रखी मिली जब पानी में उतरकर देखा तो कर्बला पुल के नीचे स्थित स्टॉप डेम के पास जाल में जसविन्दर की लाश फंसी हुई दिखी और तुरंत ही पुलिस को सूचना दे दी, लेकिन दो थानों की पुलिस मौके पर अवश्य पहुंची और किसी ने भी लाश को नहीं उठाया। पुलिस आपस में ही सीमा विवाद को लेकर उलझी रही। लाश मिलने के एक घंटे बाद देहात थाना पुलिस लाश को पीएम हाउस ले गई। देहात थाना टीआई अनीता मिश्रा का कहना है कि सीमा विवाद जैसी कोई स्थिति नहीं थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई थी और अपनी कार्रवाई शुरू कर दी थी। वहीं फिजीकल थाना प्रभारी रूपेश शर्मा ने भी सीमा विवाद की बात से इंकार किया है। उनका कहना है कि परिजनों ने डायल 100 को सूचना दी थी जहां से उन्हें घटना की जानकारी लगी तो वह भी मौके पर आ गए वहीं देहात पुलिस भी घटना स्थल पर पहुंच गई थी।







Be First to Comment