बड़ी खबर-लिपिक के साथ मारपीट मामले में तीन के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा एवं मारपीट का केस दर्ज

देर रात डीपीसी दुबे और जिला प्रौढ़ अधिकारी अफगानी पहुंचे थे कोतवाली

शिवपुरी। कल दोपहर डीपीसी कार्यालय में स्थित जिला प्रौढ़ शिक्षा विभाग में लिपिकों की हड़ताल के बावजूद कार्य कर रहे बाबू रविन्द्र श्रीवास्तव के साथ हड़तालियों द्वारा मारपीट करने के मामले में देर रात पुलिस ने जिला प्रौढ़ अधिकारी आसिफ अफगानी की रिपोर्ट पर सिंचाई विभाग में पदस्थ सहायक ग्रेड 2 नासिर अली और कलेक्ट्रेट में पदस्थ कृष्णमुरारी पाराशर व कोलारस तहसील के कर्मचारी नौसाद अली के खिलाफ पुलिस ने भादवि की धारा 353, 294, 506, 34 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया है। 

ज्ञात हो कि अपनी मांगों को लिपिक वर्ग राज्य कर्मचारी संघ के आव्हान पर जिले के सभी बाबू हड़ताल पर बैठे थे। कल दोपहर जिला प्रौढ़ शिक्षा विभाग में एक बाबू रविन्द्र श्रीवास्तव के कार्य करने की सूचना हड़ताली कर्मचारियों को लगी तो वह एकत्रित होकर कार्यालय में आ पहुंचे जहां उन्होंने जिला प्रौढ़ अधिकारी आसिफ अफगानी के सामने ही उक्त बाबू की पिटाई लगा दी और उसे घसीटते हुए बाहर ले आए। इस पूरे घटनाक्रम का एक वीडियो सोशल साइट पर भी वायरल हो गया। घटना के बाद पीडि़त बाबू लिपिक संघ के भय के कारण रिपोर्ट लिखाने नहीं पहुंचा तो देर रात डीपीसी शिरोमणि दुबे जिला प्रौढ़ अधिकारी के साथ कोतवाली पहुंचे जहां उन्होंने कोतवाली प्रभारी एसएस सिकरवार को एक पत्र सौंपा और उसमें एफआईआर करने की मांग की। जिस पर कोतवाली पुलिस ने उक्त तीनों कर्मचारियों पर विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।  
 इनका कहना है
कल दोपहर की घटना है जिसमें एक लिपिक अपने ऑफिस कार्य कर रहा था तभी नासिर अली, कृष्णमुरारी और नौशाद अली वहां आ गए और उसे कार्य करने से रोका। इस बात की शिकायत पुलिस में की गई जिस पर से मामला दर्ज किया गया। इसके पीछे कारण यह है कि कर्मचारी हड़ताल पर हैं रविन्द्र उसमें शामिल नहीं हुआ था।
कमल मौर्य
अति. पुलिस अधीक्षक शिवपुरी