भविष्य में मेरा गलत इस्तेमाल न करें, अभी माफ करती हूं फिर नहीं करूंगी: यशोधरा राजे

शिवपुरी। शिवपुरी में खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया के सामने बुधवार को पुलिस पर प्रताड़ना का आरोप लगाकर मां-बेटी ने मिट्टी का तेल डालकर आत्मदाह करने की कोशिश करने के मामले में महिला ने यूटर्न ले लिया है। बताया जा रहा है कि महिला ने देर शाम सर्किट हाउस पहुंचकर मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया से हाथ जोड़कर गिड़गिड़ाते हुए माफी मांगी। महिला का कहना था कि मुझसे गलती हो गई मैंने झूठी शिकायत दर्ज कराई थी। महिला की बात सुनते ही मंत्री ने कहा कि भविष्य में मेरा गलत इस्तेमाल न करें, अभी माफ करती हूं अगर दुबारा ऐसी गलती की तो फिर नहीं माफ नहीं करूंगी।
विदित हो कि आत्मदाह करने के लिए अपनी बेटी के साथ ही आई महिला चंद्रप्रभा ने मंत्री को बताया कि कोतवाली के प्रभारी दरोगा बृजमोहन कुशवाह ने उनके बेटे को पिछले दो दिन से थाने में बिठा रखा है और उसे छोड़ने के एवज में एक लाख रुपए की अनावश्यक मांग की जा रही है। दोनों मां-बेटी खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया के समक्ष उस समय पहुंच गईं जब खेल मंत्री मानस भवन में बिजली बिल माफी योजना के तहत हितग्राहियों को प्रमाण पत्र वितरण के बाद अपनी कार की ओर जा रही थी। दोनों मां-बेटी हाथ में मिट्टी के तेल की कट्टी लेकर आईं थी और खेल मंत्री के सामने ही इन दोनों ने तेल डाल लिया इस दौरान आसपास खड़े भाजपा नेता और अन्य लोगों ने इन दोनों मां-बेटी को रोका और इनके हाथ से मिट्टी के तेल की कट्टी छुड़ाई।
कार्यक्रम में मच गया था हड़कंप
खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया के सामने बुधवार को मानस भवन में मां-बेटी के एकाएक इस आत्मदाह की कोशिश के घटनाक्रम से हड़कंप मच गया है। खेल मंत्री ने एसडीओपी को पूरे मामले की जांच के निर्देश दिए हैं। अचानक एकाएक महिला व उसकी बेटी के हाथ में मिट्टी का तेल लेकर पहुंचनेे से हुए इस घटनाक्रम से खेल मंत्री भी स्तंब्ध रह गईं।
इनका कहना है
महिला द्वारा मंत्री जी से माफी मांगी है और कहा कि मैंने झूठी शिकायत की थी मुझसे गलती हो गई।
जीडी शर्मा
एसडीओपी पुलिस शिवपुरी






Be First to Comment