Press "Enter" to skip to content

सीएम हेल्पलाइन में रुचि न दिखाने पर अधिकारियों पर भड़की कलेक्टर, कहा प्रतिदिन दो-दो घंटे देखें पोर्टल

शिवपुरी- सभी कार्यालय प्रमुख सीएम हेल्पलाईन 181 पोर्टल पर विभाग से संबंधित शिकायतों की हितग्राहियों को भ्रमित जानकारी न दें। शिकायतों की स्पष्ट शब्दों में पूख्ता जानकारी ही पोर्टल पर दर्ज करें। विभाग के सहायक ग्रेड-तीन एवं कम्प्यूटर ऑपरेटर द्वारा पोर्टल पर भरी जाने वाली जानकारी की भी पुन: जांच करें शिकायतों को लंबित न रखें। उक्त आशय के निर्देश कलेक्टर श्रीमती शिल्पा गुप्ता द्वारा समय-सीमा (टी.एल.) के पत्रों की समीक्षा बैठक में उपस्थित अधिकारियों को दिए।  सीएम हेल्पलाइन पर शिकायतें पेंडिंग होने पर कलेक्टर ने गुस्सा जाहिर किया और कहा कि शीघ्र ही शिकायतें को निपटाएं और प्रतिदिन सीएम हेल्पलाईन पोर्टल को दो घण्टे अवश्य दें।

कलेक्टर श्रीमती गुप्ता द्वारा समय-सीमा के पत्रों की समीक्षा सीधे कम्प्यूटर के माध्यम से ऑनलाइन सीएम हेल्पलाईन पोर्टल पर जाकर विभागवार शिकायतों की जांच की। साथ ही संबंधित विभागों द्वारा पोर्टल पर दर्ज अमान्य जानकारी के संबंध में भी समझाईस दी। जिलाधीश कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी राजेश जैन, अपर कलेक्टर डॉ.अनुज कुमार रोहतगी, डिप्टी कलेक्टर आर.ए.प्रजापति, डिप्टी कलेक्टर यू.एस.सिकरवार सहित जिला अधिकारी आदि उपस्थित थे। 

कलेक्टर श्रीमती शिल्पा गुप्ता ने निर्देश दिए कि सीएम हेल्पलाईन पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लें। प्राप्त शिकायतों का निराकरण समय-सीमा में किया जाकर संबंधित को अवगत कराए और इस बात का ध्यान रखें कि पोर्टल पर निराकृत प्रकरण की जानकारी स्पष्ट हो। उन्होंने अंत्येष्टी सहायता योजना अंतर्गत पंजीकृत असंगठित श्रमिकों की मृत्यु होने पर दी जाने वाली सहायता राशि के संबंध में जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी को निर्देश दिए कि पंचायतवार दी जाने वाली राशि की समीक्षा करें। 

पात्रों को चिन्हित कर श्रमिक सेवा पोर्टल पर जोडऩे के निर्देश
कलेक्टर श्रीमती गुप्ता ने कहा कि 04 अगस्त 2018 को स्वरोजगार सम्मेलन प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री जनकल्याण संबल योजना में पात्र हितग्राहियों को चिंहित कर श्रमिक सेवा पोर्टल पर उनका पंजीयन कराए और अंत्येष्टि सहायता योजना को छोड़कर शेष सभी योजनाओं में लाभांवित हितग्राहियों को चिंहित कर स्वीकृति पत्र प्रदाय करें, जिससे स्वरोजगार सम्मेलन में उन्हें लाभ दिलाया जा सके। हितग्राहियों को लोन से संबंधित प्रकरणों की लक्ष्य की पूर्ति कर प्रमाण पत्र भी स्वरोजगार सम्मेलन में वितरण किए जाएगें। उन्होंने बैंको की समीक्षा करने के जिला पंचायत के सीईओ को निर्देश दिए। 
कलेक्टर श्रीमती गुप्ता ने पेंशन के लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पेंशन के प्रकरणों का जल्द से जल्द निराकरण कराया जाए और ऐसे प्रकरण जो किसी कारणवश लंबित है, उनकी फाईल पुटअप करके कलेक्ट्रेट कार्यालय में भेंजे। उन्होंने कहा कि 30 जून 2018 को आयुक्त पेंशन द्वारा पेंशन प्रकरणों की समीक्षा की जाएगी। कोई भी पेंशन प्रकरण लंबित न रहे। 

दान पत्र में बने विद्यालयों को शीघ्र भूमि की रजिस्ट्री कराकर नामांतरण के दिए निर्देश
कलेक्टर श्रीमती गुप्ता ने जिले में दान के पत्र में बने विद्यालयों को नि:शुल्क रजिस्ट्री कराकर भूमि का नामांतरण कराने के संबंधित अधिकारी को निर्देश दिए। जिले में स्थित छात्रावासों की समीक्षा करते हुए कहा कि खाद्यान्न का वितरण किए जाने वाले छात्रावासों को ऑनलाईन किया जाए और पोर्टल पर सभी छात्र-छात्राओं की एन्ट्री कराने के संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि चिकित्सालय में आने वाली सभी प्रसूताओं को असंगठित क्षेत्र का हितग्राही मानकर उनका पंजीयन कराए। जिससे उनको मुख्यमंत्री जनकल्याण प्रसूति सहायता योजना के तहत 16 हजार रूपए की सहायता प्राप्त हो सके। 

अधिकारियों को शीघ्र कम्प्यूटर देने के जिपं सीईओ को दिए निर्देश
कलेक्टर श्रीमती गुप्ता ने समग्र सुरक्षा विस्तार अधिकारियों को दिए जाने वाले कम्प्यूटर की समीक्षा करते हुए जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को निर्देश दिए कि प्रकरण की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को कम्प्यूटर प्रदाय कराना सुनिश्चित करें। बैठक में जनप्रतिनिधियों के पत्र, राज्य बीमारी सहायता, परिवार नियोजन, जलसंसाधन, कृषि, अनुसूचित जाति-जनजाति, राजस्व, विद्युत, शिक्षा, स्वान कनेक्शन, बैंक, वन, उद्यानिकी आदि के लंबित प्रकरणों की समीक्षा की गई। 
More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!