
बदरवास और कोलारस में भी हुईं चोरी की वारदात
शिवपुरी। शिवपुरी कोलारस और बदरवास में चोरी की तीन वारदातें घटित हुई हैं। फिजिकल थाना क्षेत्र के बाबू क्वार्टर में पाराशर परिवार को घर में ताला लगाकर शादी में जाना महंगा पड़ा। दो घंटे बाद जब वह वापस घर आए तो उनके घर का ताला तोड़कर चोर तीन लाख रूपए का माल ले उड़े थे। इसी तरह से कोलारस और बदरवास थाना क्षेत्र में भी चोरी की दो वारदातों से सनसनी फैल गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार रात 9 बजे बाबू क्वार्टर में निवास करने वाले किशोरी चरण पाराशर अपने परिवार के साथ शादी समारोह में शामिल होने के लिए घर से गए थे। रात में 11 बजे जब वह वापस लौटे तो उन्होंने देखा कि घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ है और दरवाजा अंदर से बंद है जब वह पड़ोसी की छत के रास्ते मकान में घुसे तो अलमारी तोड़कर चोर घर से चोरी कर ले गए। श्री पाराशर ने बताया कि उनके घर से चोरों ने 50 हजार रूपए नगद, दो सोने की चैन, पांच जोड़ी सोने की झुमकी, दो जोड़ी पायल, तीन चांदी के कड़े, ढाई सौ ग्राम चांदी सहित कुल 3 लाख रूपए की चोरी की। कोलारस थाना क्षेत्र के देहरदा सड़क निवासी राजाराम के मकान से अज्ञात चोर 20 हजार रूपए नगद सोने चांदी के आभूषण सहित बाइक लेकर फरार हो गए। कोलारस पुलिस ने चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बदरवास थाना क्षेत्र के श्रीराम कॉलोनी में शादी परिवार में गए नीरज पुत्र शोभाला जाटव के यहां से चोर सोने चांदी के जेवरात और 22 हजार रूपए नगद चुरा ले गए। बताया जाता है कि नीरज परिवार सहित इमलावदी शादी में गया था। चोरों ने उसके सूने घर को निशाना बना दिया।
करैरा में घर से हुई 70 हजार की चोरी
करैरा में बीएसएनएल टावर के पास निवासरत महिला श्रीमति पुष्पा पत्नि प्रकाश कोली के घर से 70 हजार रूपए मूल्य के सामान की चोरी हो गई। चोरी गए सामान में 8 हजार रूपए नगद और सोने चांदी के जेवरात शामिल हैं। फरियादी महिला ने बताया कि चोरी सुबह 7 बजे हुई जब घर में कोई नहीं था और चोर उसके घर से तीन जोड़ी सोने की झुमकी, दो अंगूठी, पैंडल, बैंदा, तीन जोड़े सोने के फूल, दो सोने की तोडिय़ा, एक मंगलसूत्र, चांदी के तीन गुच्छे, तीन चांदी की करधौनी, पांच जोड़ी पायल, तीन जोड़ी बिछिया, दस चांदी के सिक्के तथा नगदी चुरा ले गए। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के विरूद्ध भादवि की धारा 457 और 380 का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।






Be First to Comment