शिवपुरी। नरवर थाना पुलिस ने चोरी के एक मामले का महज 8 दिनों में खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे एवं निशानदेही से चोरी का माल, घटना में प्रयुक्त ईको कार और ₹30 हजार नगद बरामद किए हैं। तीनों आरोपियों को 3 अक्टूबर को न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस के अनुसार, 22 सितंबर 2026 को फरियादी दिनेश कुशवाह ने घर से रात के समय चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामले में अपराध पंजीबद्ध कर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की।
पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर.डी. प्रजापति एवं एसडीओपी करेरा विनायक शुक्ला के निर्देशन में टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 30 सितंबर को तीन आरोपियों विनोद जैन (35), यूनिस खान (28) और सद्दाम हुसैन (25) को गिरफ्तार किया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने ईको कार क्रमांक MP 07 ZC 1903, चांदी की करधौनी, एक जोड़ी पायल, दो चांदी की चूड़ियां और ₹30 हजार नगद बरामद किए।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को 3 अक्टूबर 2026 को न्यायालय में पेश किया। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अरुणप्रताप सिंह भदौरिया, उनि राधाकृष्ण बंजारा, पुलिसकर्मियों सहित साइबर सेल शिवपुरी के आरक्षक विकास और दामोदर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।





