,

एक साल पुरानी चोरी का खुलासा: फिजीकल पुलिस ने विन्नी मोगिया को दबोचा, 200 ग्राम चांदी के आभूषण बरामद / Shivpuri News

शिवपुरी। थाना फिजीकल पुलिस ने नरेन्द्र नगर में करीब एक साल पहले हुई चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए 23 वर्षीय विन्नी मोगिया को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 200 ग्राम चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। आरोपी को शनिवार को न्यायालय में पेश किया गया।

पुलिस के अनुसार, 6 सितंबर 2025 की रात फरियादी विवेक राठौर निवासी नरेन्द्र नगर गणेश उत्सव की झांकियां देखकर करीब रात 1 बजे घर पहुंचे थे। परिवार के सभी सदस्य सोने चले गए। रात करीब 3 बजे फरियादी बाथरूम जाने के लिए उठे तो घर की किचन की खिड़की टूटी मिली। अज्ञात चोर घर में घुसकर अलमारी में रखा सामान चोरी कर ले गया था। चोर ने घर के कमरों के दरवाजों पर बाहर से कुंडी भी लगा दी थी।

फरियादी की रिपोर्ट पर थाना फिजीकल में अपराध क्रमांक 219/25 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश पर संपत्ति संबंधी अपराधों में आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी गए माल की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने कार्रवाई की। 28 सितंबर 2026 को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने विन्नी पुत्र नरेश मोगिया, उम्र 23 वर्ष, निवासी ग्राम सेवढ़ा, थाना सुभाषपुरा, जिला शिवपुरी को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपी ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर नरेन्द्र नगर में विवेक राठौर के घर चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी की निशानदेही पर करीब 200 ग्राम चांदी के आभूषण जब्त किए गए हैं। पुलिस अब वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।

कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अविनाश सिंह राठौड़, उनि बजरंग सिंह जादौन, प्रधान आरक्षक अमित कुमार और आरक्षक पुष्पेन्द्र रावत की सराहनीय भूमिका रही।