
शिवपुरी। पुलिस अधीक्षक राजेश हिंगणकर द्वारा कल पिछोर अनुविभाग के छह थानों का औचक निरीक्षण किया। जहां थानों की व्यवस्थाएं देखीं और अधिकारियों और कर्मचारियों से परिचय कर उनकी समस्याओं को सुना। साथ ही शासकीय कार्य उत्कृष्ट निष्पादन हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिए। वहीं बामौरकलां थाना प्रभारी रामराजा तिवारी की थाने के निरीक्षण के दौरान सराहना की और उन्हें जिले का सर्वश्रेष्ठ थाना प्रभारी बताया।
एसपी श्री हिंगणकर ने बामौरकलां थाना सहित भौंती, पिछोर, खनियांधाना, मायापुर व रन्नौद थाने का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पुलिसकर्मियों को अच्छे सामाजिक कार्यों को सोशल मीडिया के माध्यम से प्रचारित करने की समझाइश दी। एसपी ने थानों का रिकार्ड व रजिस्टरों का रखरखाव चैक किया। थाना भौंती के रिकार्ड को अच्छी तरह इन्द्राज करने व रख रखाव के लिये प्रधान आरक्षक लेखक को नगद रिवार्ड की अनुशंसा की।
पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य के लिए किए जाएंगे प्रयास
जिले में जब पुलिसकर्मियों के लिए स्वास्थ्य शिविर लगाया जाता है तो उसमें सैंकड़ों की संख्या में पुलिसकर्मी विभिन्न बीमारियों से पीडि़त रहते हैं, इस तरह के शिविर एकाध बार ही लगते हैं। जो पुलिसकर्मी दूसरों की सुरक्षा के लिए 24 घंटे तत्पर रहते हैं, लेकिन वह बीमारियों से अपना बचाव नहीं कर पाते। इस संबंध में जब पुलिस अधीक्षक राजेश हिंगणकर से चर्चा की तो पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस ओर भी मेरा ध्यान है इसके लिए भी प्रयास किए जाएंगे।
इनका कहना है
- अभी थानों पर पहुंचकर कर्मचारियों से परिचय प्राप्त कर रहा हूं, साथ ही यह भी जानने का प्रयास किया जा रहा है कि कहां कितने कर्मचारी हैं। कितने गांव हैं, कितने अपराध ऐसे हैं जो एक वर्ष या इससे ऊपर पेंडिंग हैं। थानों में बाउण्ड्रीबाल है या नहीं, वहां की भौगोलिग स्थिति कैसी है, रास्ते कैसे हैं, किस तरह से आना-जाना होता है। यह सब जानकारी प्राप्त की जा रही है।
राजेश हिंगणकर
पुलिस अधीक्षक शिवपुरी





