जिले में 5 लाख 65 हजार से अधिक श्रमिकों का हुआ पंजीयन

शिवपुरी। कलेक्टर तरूण राठी ने कहा कि राज्य शासन द्वारा पहली बार श्रमिकों के हित में आज आयोजित विशेष ग्राम सभाओं में मुख्यमंत्री असंगठित श्रमिक कल्याण योजना में पंजीकृत श्रमिकों की वाचन की जाने वाली सूची में पाए जाने वाले पात्र नामों का परीक्षण कर 11 मई तक सूची भेजना सुनिश्चित करें। जिससे असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को शासन की विभिन्न योजनाओं के तहत लाभांवित किया जा सके।
कलेक्टर तरूण राठी ने उक्त आशय के निर्देश आज समय-सीमा के पत्रों की समीक्षा बैठक के दौरान विशेष ग्राम सभाओं के आयोजन हेतु नियुक्त किए गए नोडल अधिकारियों को दिए। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी राजेश जैन सहित जिले के सभी जिला अधिकारी, अनुविभागीय दण्डाधिकारी आदि उपस्थित थे।
कलेक्टर राठी ने असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के पंजीयन की प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि पंजीकृत श्रमिकों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत लाभांवित किए जाने हेतु पंजीयन का कार्य किया गया है। जिले में अभी तक 5 लाख 65 हजार 128 श्रमिकों का पंजीयन किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि पंजीकृत श्रमिकों के नामों की सूची नगरीय क्षेत्रों में वार्ड सभाओं एवं ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष ग्राम सभाओं में वाचन कर आपत्तियां प्राप्त की जाएगी।
कलेक्टर राठी ने पेंशन प्रकरणों की भी विभागवार समीक्षा करते हुए कहा कि जिले में लंबित 43 प्रकरणों में से प्रत्येक विभाग उनके अधीन लंबित प्रकरणों की समीक्षा कर एक सप्ताह के अंदर निराकरण की कार्यवाही सुनिश्चित करें। राठी ने सभी जिला अधिकारियों को निर्देश दिए कि महालेखाकार ग्वालियर द्वारा सभी कार्यालयों से 26 प्रपत्रों में जो जानकारी चाही गई है। उसे अविलम्ब उपलब्ध कराने की कार्यवाही करें। जानकारी तैयार करने में किसी भी प्रकार की समस्या होने पर जिला कोषालय अधिकारी से संपर्क कर निराकरण की कार्यवाही कराए। कलेक्टर ने रोजगार मुखी योजनाओ की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि बैंको को प्रकरण भेजने में गति लाए। जिससे समय पर प्रकरण स्वीकृत हो कर वितरण की कार्यवाही की जा सके और लाभांवित हितग्राही अपना स्वरोजगार स्थापित कर सके।
कलेक्टर राठी ने 18 मई को जिले में माननीय मुख्यमंत्री जी के प्रस्तावित दौरे की जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं के संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिए।






Be First to Comment