राकेश गुप्ता और सिद्धार्थ लढ़ा ने अभी से तैयारी करना शुरू की
शिवपुरी। शिवपुरी विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस इस बार वैश्य उम्मीदवार को उतारने पर गंभीरता से विचार कर रही है। सूत्र बताते हैं कि कांग्रेस आलाकमान और सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भी इस आशय के संकेत दिए हैं और इसी को ध्यान में रखकर शहर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राकेश गुप्ता और वर्तमान अध्यक्ष सिद्धार्थ लढ़ा तैयारी में जुट गए हैं। शहर कांग्रेस अध्यक्ष लढ़ा ने तो ग्रामीण क्षेत्रों में 15 दिन की किसान स्वाभिमान यात्रा निकालकर अपना जनसंपर्क बढ़ाया है वहीं राकेश गुप्ता भी शहरी क्षेत्र में जनसंपर्क करने में जुटे हुए हैं।
शिवपुरी विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस की राह कभी आसान नहीं रही। 2007 के उपचुनाव को यदि छोड़ दें तो कांगे्रस यहां से अंतिम बार 1985 के विधानसभा चुनाव में जीती है। शिवपुरी विधानसभा क्षेत्र में वैश्य मतदाताओं की संख्या लगभग 20 हजार है। यहां से 1977 के बाद से दो बार वैश्य उम्मीदवार चुनाव जीते हैं। खास बात यह है कि सन 1977 और 1993 के चुनाव में कांग्रेस और भाजपा के वैश्य उम्मीदवारों के बीच मुकाबला हुआ है जिनमें भाजपा उम्मीदवार विजयी रहे हैं। सन 1977 में जनता पार्टी (अब भाजपा) के उम्मीदवार महावीर जैन ने कांग्रेस उम्मीदवार गणेशीलाल जैन को पराजित किया था वहीं 1993 में भाजपा के उम्मीदवार देवेंद्र जैन ने अपने समधी कांग्रेस उम्मीदवार सांवलदास गुप्ता को हराया था। कुल मिलाकर 1977 के बाद कांग्रेस और भाजप की ओर से दो चुनावों में 4 वैश्य उम्मीदवार एक दूसरे के खिलाफ मैदान में उतरे। यह भी सच है कि कांग्रेस का वैश्य उम्मीदवार कभी चुनाव नहीं जीता है। लेकिन इससे भी इंकार नहीं किया जा सकता कि कांग्रेस के वैश्य उम्मीदवार को भाजपा के वैश्य उम्मीदवार ने ही पराजित किया।
25 साल पहले राकेश गुप्ता के पिता ने लड़ा था चुनाव
2018 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की ओर से टिकट की मांग कर रहे शहर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राकेश गुप्ता के पिता स्व. सांवलदास गुप्ता ने भी शिवपुरी विधानसभा क्षेत्र से ही कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में 1993 में विधानसभा चुनाव लड़ा था। उस चुनाव में उनका मुकाबला भाजपा उम्मीदवार तथा स्व. सांवलदास गुप्ता के समधी देवेंद्र जैन से हुआ था जिसमें कड़े संघर्ष के बाद स्व. गुप्ता महज साढ़े तीन हजार मतों से चुनाव में पराजित हुए थे। उस चुनाव में देवेंद्र जैन को जिताने के लिए कैबिनेट मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने पूरी ताकत लगाई थी। इस बार शिवपुरी विधानसभा क्षेत्र से चौथी बार यशोधरा राजे सिंधिया चुनाव मैदान में उतर रही है। अपने पिता की हार की कसक राकेश गुप्ता को है और वह चाहते हैं कि शिवपुरी विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़कर वह जीतें तथा अपने पिता की हार का बदला लें। राकेश गुप्ता टिकट के प्रति भी काफी आश्वस्त हैं इसी कारण उन्होंने टीम का गठन भी करना शुरू कर दिया है तथा ग्रामीण क्षेत्रों के दौरे भी करने लगे हैं।
Like this:
Like Loading...
Be First to Comment