Press "Enter" to skip to content

शिवपुरी, कोलारस और पोहरी में दावेदारों की कतार, दो-दो विधानसभा क्षेत्रों से नेताओं ने मांगे टिकट

शिवपुरी। कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव में टिकट के इच्छुक कांग्रेसियों से 2 हजार रूपये शुल्क के साथ आवेदन मांगे हैं। शिवपुरी जिले के चार विधानसभा क्षेत्रों शिवपुरी, पोहरी, करैरा और कोलारस में अनेक टिकटार्थियों ने अपने आवेदन निर्धारित शुल्क के साथ पार्टी को सौंपे हैं। इनमें से पूर्व विधायक गणेश गौतम, प्रदेश कांग्रेस महामंत्री हरवीर सिंह रघुवंशी और नगर पालिका अध्यक्ष मुन्नालाल कुशवाह ने दो-दो विधानसभा क्षेत्रों के लिए टिकट की मांग की है। हरवीर सिंह ने शिवपुरी के अलावा कोलारस और पूर्व विधायक गणेश गौतम तथा मुन्नालाल कुशवाह ने शिवपुरी और पोहरी दोनों स्थानों से टिकट की मांग की है। 
शिवपुरी विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस टिकट मांगने वालों में शामिल हैं शहर कांग्रेस अध्यक्ष सिद्धार्थ लढ़ा, पूर्व अध्यक्ष राकेश गुप्ता और राकेश जैन, अजय गुप्ता, संजय सांखला, पूर्व विधायक गणेश गौतम, प्रो. एपीएस चौहान, जिला कांग्रेस महामंत्री हरवीर सिंह रघुवंशी, नगर पालिका अध्यक्ष मुन्नालाल कुशवाह, उपाध्यक्ष अन्नी शर्मा, पवन जैन, अशोक ठाकुर आदि शामिल हैं। इनमें से गणेश गौतम ने शिवपुरी के अलावा पोहरी और हरवीर सिंह ने शिवपुरी के अलावा कोलारस से भी टिकट की मांग की है। टिकट मांगने वालों में जीवाजी विश्वविद्यालय के प्रो. एपीएस चौहान के अलावा सभी सिंधिया समर्थक हैं। पोहरी विधानसभा क्षेत्र से पूर्व विधायक हरिबल्लभ शुक्ला, उनके सुपुत्र आलोक शुक्ला, किसान कांग्रेस के जिलाध्यक्ष सुरेश राठखेड़ा, पूर्व मंडी अध्यक्ष एनपी शर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष मुन्नालाल कुशवाह, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष विनोद धाकड़ एडवोकेट, अवतार सिंह गुर्जर, जनपद अध्यक्ष प्रद्युम्र वर्मा, जनपद उपाध्यक्ष अरविन्द धाकड़, ओमप्रकाश पिपलौदा, माताचरण शर्मा, राजेन्द्र पिपलौदा, विजय शर्मा, अरविन्द वर्मा, जनपद पंचायत शिवपुरी के अध्यक्ष पारम रावत आदि शामिल हैं। कोलारस विधानसभा क्षेत्र से टिकट के लिए आवेदन करने वालों में विधायक महेन्द्र यादव, उनकी बहिन जनपद पंचायत बदरवास की अध्यक्ष मिथलेश यादव, जिला कांग्रेस अध्यक्ष बैजनाथ सिंह यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष कमला यादव, जनपद पंचायत बदरवास के उपाध्यक्ष रामवीर सिंह यादव, नगर पंचायत कोलारस के अध्यक्ष रविन्द्र शिवहरे, भरत सिंह चौहान, सीताराम रावत, नगर पंचायत बदरवास उपाध्यक्ष भूपेन्द्र यादव भोले, हरवीर सिंह रघुवंशी आदि ने टिकट की मांग की है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष बैजनाथ सिंह यादव की धर्मपत्नी जिला पंचायत अध्यक्ष कमला यादव और उनके सुपुत्र रामवीर सिंह यादव ने भी टिकट मांगा है। करैरा विधानसभा क्षेत्र से विधायिका शकुन्तला खटीक के अलावा जिला कांग्रेस महामंत्री केएल राय, मानसिंह फौजी, योगेश करारे, दिनेश परिहार, जसवंत जाटव, मनीष राय आदि ने भी टिकट के लिए आवेदन दिया है। पिछोर विधानसभा क्षेत्र से विधायक केपी सिंह के अलावा रमेश शर्मा प्रगति और किसी लोधी ने भी टिकट मांगा है। इनमें सर्वाधिक घमासान शिवपुरी, पोहरी और कोलारस विधानसभा क्षेत्र में देखने को मिल रहा है। 
More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!