पति के कथित अवैध संबंधों से परेशान आदिवासी महिला अपने दो मासूम बच्चों के साथ फांसी पर झूली

मुडख़ेड़ा के जंगल में पेड़ पर लटकी मिली तीन लाशें

शिवपुरी। जिले के सुभाषपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम मुडख़ेड़ा के जंगल में आज सुबह 24 वर्षीय विवाहित आदिवासी महिला मीरा पत्नी चतरसिंह आदिवासी ने अपने दो मासूम बच्चों के साथ पेड़ पर लटक कर फांसी लगा ली। ऐसा प्रतीत होता है कि महिला ने पहले अपने दोनों बच्चों डेढ़ साल के छोटू और तीन साल की पूनम को फांसी का फंदा बनाकर पेड़ से लटकाया और फिर स्वयं फांसी लगा ली। फांसी लगने का कारण अज्ञात बताया जाता है। लेकिन ग्रामीणों के अनुसार महिला को पति पर शक था कि उसके किसी अन्य महिला से अवैध संबंध है इसी कारण दोनों का आये विवाद होता रहता था। पुलिस ने फिलहाल मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। 
प्राप्त जानकारी के अनुसार महिला का पति चतरसिंह मजदूरी का कार्य करता था। गांव वालों का कथन है कि चतरसिंह के किसी महिला से अवैध संबंध थे। जिस कारण दोनों पति-पत्नी के बीच आए दिन झगड़ा होता था। बताया जाता है कि आज भी ऐसा ही झगड़ा हुआ तो महिला दोनों बच्चों को लेकर घर से बाहर चली गई और उसने घर से 700 मीटर दूरी पर स्थित मुडख़ेड़ा के जंगल में पहले एक पेड़ पर साड़ी का फंदा बनाकर अपने बच्चों को लटकाया तथा फिर रस्सी से फंदा बनाकर वह फांसी पर झूल गई। इस घटना से क्षेत्र में शोक का वातावरण व्याप्त है। घटना की जानकारी लगने पर सुभाषपुरा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पंचनामा बनाकर शवों को पीएम के लिए भेजकर मर्ग की कायमी कर ली।

साड़ी के मिले पांच टुकड़े, पहले गला घोंटा फिर लटकाया

घटना के बाद सुभाषपुरा पुलिस के अलावा जिला मुख्यालय से एफएसएल प्रभारी डॉ. एचएस बरहादिया भी पहुंचे और उन्होंने घटनास्थल का मुआयना किया। उन्होंने बताया कि मृतका ने अपनी साड़ी के पांच टुकड़े किए। पहले दोनों बच्चों का हाथ से गला घोंटा और उनकी मौत हो जाने के बाद तीन टुकड़ों से फंदे तैयार कर पेड़ से दोनों को लटका दिया, जबकि दो टुकड़ों को जोड़कर खुद के लिए फंदा तैयार किया और फांसी पर झूल गई। घटना के बाद मृतका की चचिया सास सबसे पहले मौके पर पहुंची और तीनों को फंदे से उतारा व पुलिस को सूचना दी।

पति फरार, पुलिस कर रही तलाश

घटना को लेकर सुभाषपुरा थाना प्रभारी सुरेन्द्र यादव ने बताया कि फिलहाल मीरा का पति चतर सिंह फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। प्रारंभिक जांच में किसी महिला से अवैध संबंध की बात सामने आई है। इस एंगल पर भी जांच कर रहे हैं कि कहीं तीनों की हत्या पति ने तो नहीं की।

इनका कहना है 

मुडख़ेड़ा में आदिवासी महिला मीरा आदिवासी ने अपने दो छोटे-छोटे बच्चों के साथ फांसी लगा ली है। ग्रामीणों के अनुसार पति-पत्नी के बीच विवाद के बाद यह घटना घटित हुई है। जहां तक पति के अवैध संबंधों का सवाल है तो इसकी पुलिस को जानकारी नहीं है। 

सुरेंद्र सिंह यादव 
थाना प्रभारी, सुभाषपुरा