डब्बा कारोबारी और जुआरियों ने किया नवागत पुलिस अधीक्षक का सम्मान!

शिवपुरी। नवागत पुलिस अधीक्षक राजेश हिंगणकर द्वारा विगत दिवस कोतवाली और फिजीकल थाने में पदस्थ कुछ पुलिसकर्मियों का ट्रांसफर किया गया है। इन पुलिसकर्मियों की खबर जैसे ही कुछ तथाकथित व्यापारी एवं समाजसेवियों को लगी तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। इनकी खुशी उस समय साफ झलकती दिखाई दी जब यह नवागत पुलिस अधीक्षक के चैम्बर में उन्हें धन्यवाद देने पहुंचे और पुलिस अधीक्षक को फूलों की माला पहनाकर उनके द्वारा की कार्रवाई को सराहा। पुलिस अधीक्षक द्वारा की गई कार्रवाई तो एक विभाग का हिस्सा था, लेकिन इन तथाकथित व्यापारी एवं समाजसेवियों ने जरूर राहत की सांस ली है। सूत्रों की मानें तो इन तथाकथित समाजसेवी व्यापारियों में तीन बायदे के बड़े कारोबारी हैं जिनके जाल में फंसकर कई लोग सड़क पर आ चुके हैं और कई भगवान को भी प्यारे  हो चुके हैं। वहीं इन्हीं में शामिल दो जाने माने जुआरी हैं। इनमें से करीब आधा दर्जन तथाकथित व्यापारियों को कोतवाली पुलिस ने तत्कालीन पुलिस अधीक्षक को मिली मुखबिर की सूचना के आधार पर डब्बा कारोबार एवं जुआ में लिप्त होने पर दबोचा था। सूत्रों का तो यहां तक भी कहना है कि इनमें से एक-दो तो जेल तक की हवा भी खा चुके हैं। 

नवागत पुलिस अधीक्षक के सामने साफ सुथरी छवि पेश करने की मंशा

कथित व्यापारियों को नवागत पुलिस अधीक्षक के सामने अपनी साफ सुथरी छवि पेश करने का जैसे ही मौका मिला तो उसे बुनाने के लिए जा पहुंचे। इसका का भी मुख्य कारण यह था कि पुलिस अधीक्षक को शिवपुरी का चार्ज लिए कुछ दिन ही हुए हैं और अभी वह यहां की परिस्थितियों से पूरी तरह परिचित नहीं है।

सोशल मीडिया और कुछ समाचार पत्रों में फोटो और न्यूज बना चर्चा का विषय

तथाकथित व्यवसायियों द्वारा पुलिस अधीक्षक के साथ फोटो बड़े ही शान और  शौकत के साथ सोशल मीडिया पर शेयर किए, लेकिन इसके बाद ही जिन्होंने भी यह फोटो देखे यह चर्चा का बाजार गर्म हो गया कि अब तो डब्बा व्यवसायी और जुआरी भी पुलिस का सम्मान करने लगे। इस तरह के लोगों के कृत्य से पुलिस की छबि भी धूमिल होती है।

सिमी और अंडरवर्ल्ड को भी मुंहतोड़ जबाव दे चुके हैं नवागत एसपी

पुलिस अधीक्षक राजेश हिंगणकर आम नागरिकों के लिए भले ही सरल एवं मधुर स्वभाव वाले हों, लेकिन अपराधियों के लिए बहुत सख्त माने जाते हैं और कोई अपराधी या फिर अवैध धंधों में लिप्त कारोबारी उनसे ज्यादा दिनों तक बच नहीं सकते। इसका प्रमाण उनके पूर्व जिलों के कार्यकाल से साफ छलकता है। शिवपुरी के लोगों ने तो सिमी और अंडरवल्र्ड जैसे बदमाशों का नाम सुना होगा, लेकिन शिवपुरी का सौभाग्य है कि उन्हें ऐसे पुलिस अधीक्षक मिले हैं जिन्होंने अपनी कार्यकुशलता, निर्भीकता एवं बहादुरी के दम पर सिमी और अंडरवल्र्ड जैसे आंतकियों के भी छक्के छुड़ा दिए।