जनता ने विपक्षी दलों को औकात बता दी: केशव मौर्या
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्या ने उत्तर प्रदेश की जनता के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नोटबंदी को लेकर विरोधी बंद के संयुक्त प्रयास को देश और प्रदेश की जनता ने पूरी तरह विफल कर दिया.
उन्होंने कहा कि जनता ने विरोधी दलों को स्पष्ट संकेत दे दिया है कि अब देश से भ्रष्टाचार और कालाधन दोनों समाप्त होंगे. जनता ने विरोधी दलों को उनकी औकात बता दी है. मौर्या ने कहा कि जनता ने भारत बंद को नकारते हुए भ्रष्टाचार और कालेधन के पक्ष में खड़े विकास विरोधी, गरीब विरोधी, युवा विरोधी, समानता विरोधी राजनीतिक दलों की नीतियों का पर्दाफाश कर दिया है.

मौर्या ने कहा कि जो दल संसद नहीं चलने दे रहे हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रत्येक कार्य, प्रत्येक निर्णय के विरोध में खड़े रहते हैं, उनकी आंखें खोलने का काम करते हुए देश व प्रदेश की जनता ने कह दिया है कि वे मोदी के निर्णय के साथ हैं.
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में सपा-बसपा-काग्रेस एवं बामपंथी दलों की सांठगांठ भी जनता के सामने आ गई है. इन दलों को भारत बंद की विफलता से सबक लेना चाहिए कि वे हठधर्मिता छोड़कर संसद में नोटबंदी के प्रधानमंत्री के फैसले का समर्थन करे. उन्होंने कहा कि देश की उन्नति, समृद्धि एवं खुशहाली के लिए नकारात्मक राजनीति का त्याग कर विपक्ष की वास्तविक जिम्मेदारी का निर्वाह करे.





Be First to Comment