
शिवपुरी से यशोधरा राजे के चुनाव लडऩे पर सस्पेंस, 20 सड़कों का किया भूमिपूजन
शिवपुरी। शिवपुरी से 2018 के विधानसभा चुनाव में यशोधरा राजे के चुनाव लडऩे पर सस्पेंस बरकरार है। आज 20 सड़कों के भूमिपूजन समारोह में यशोधरा राजे सिंधिया ने स्वयं इस सस्पेंस को बनाकर रखा। उन्होंने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि मेरे पास काम करने के लिए तीन-चार माह का समय है और मैं आप लोगों से सहयोग की कामना करती हूं। अगला चुनाव शायद मैं लडूं् या न लडूंू। यशोधरा राजे सिंधिया ने शहर की दुर्दशा के लिए नगर पालिका को जिम्मेदार ठहराया और कहा कि मुझे ऐसी नगर पालिका और नगर पालिका अध्यक्ष नहीं चाहिए।
कालीमाता मंदिर के पास स्थित समारोह में यशोधरा राजे सिंधिया नगर पालिका को कोसती हुई नजर आईं। उन्होंने कहा कि मैंने 8 करोड़ की लागत से नगर पालिका के लिए नगरीय क्षेत्र की सड़कें बनाने के लिए राशि दी, लेकिन यह राशि मिलने के बाद भी न तो सड़कें बनीं और न ही नगर में विकास कार्य हुए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास कार्यों में प्रशासन और शासन के बाद तीसरा स्थान नगरीय प्रशासन होता है, लेकिन शिवपुरी में यह तीसरा स्तम्भ अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन नहीं कर रहा है जिससे दो स्तम्भों पर अतिरिक्त बोझ आ गया है। समारोह में यशोधरा राजे सिंधिया ने कलेक्टर शिल्पा गुप्ता की कार्यप्रणाली की प्रशंसा की। इस अवसर पर कलेक्टर के अलावा पुलिस अधीक्षक राजेश हिंगणकर, पीडब्ल्यूडी के ईई ओमहरि शर्मा, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के कार्यपालन यंत्री सहित अनेक अधिकारी उपस्थित थे।







Be First to Comment