
वारंटी महिला को गिरफ्तार करने आई पुलिस के साथ महिला ने की हाथापाई, शासकीय कार्य में बाधा का केस दर्ज
शिवपुरी। विश्वसनीय सूत्रों के हवाले से खबर सामने आ रही है कि कोतवाली थाना क्षेत्र के न्यूब्लॉक क्षेत्र में पुलिस ने एक महिला की बीच सड़क पर सरेआम जमकर पिटाई की। खासबात यह है कि उक्त घटनाक्रम का वीडियो बनाने वाले चार युवकों के पुलिस ने न केवल मोबाइल छीनकर वीडियो डिलीट किए, बल्कि बताया तो यहां तक जा रहा है कि उनके साथ मारपीट भी की और उन्हें कोतवाली में बिठाया गया। उक्त महिला के खिलाफ न्यायालय से गिरफ्तारी वारंट जारी हुआ था जिसे पुलिस गिरफ्तार करने गई थी। महिला के खिलाफ पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा का केस दर्ज कर लिया है। बताया जा रहा है कि बाद में अनीता जैन को न्यायालय से जमानत मिल गई।
जानकारी के अनुसार अनीता जैन का संपत्ति को लेकर देेवर और जेठ से विवाद चल रहा है जिसका गिरफ्तार वारंट जारी हुआ था इसी के तहत एसआई शालू शर्मा पुलिस बल के साथ अनीता के घर पर उसे गिरफ्तार करने पहुंची। सूत्रों की मानें तो जब पुलिस अनीता के घर में पहुंची तो उस समय अनीता मैक्सी पहने थी, लेकिन पुलिस ने उसे कपड़े बदलने का मौका नहीं दिया और उसे पकड़कर लाने लगी। इसी बात को लेकर विवाद हो गया और अनीता ने महिला एसआई पर हमला बोल दिया और दांतों से काट लिया। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो इसके बाद पुलिस ने महिला के साथ जमकर मारपीट कर दी। घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस बल भी मौके पर पहुंच गया। उक्त घटना को देख रही भीड़ में से चार युवकों ने घटना को अपनी मोबाइल में कैद कर लिया जब पुलिस ने इनको वीडियो बनाते हुए देखा तो बताया जा रहा है कि आक्रोशित पुलिसकर्मियों ने इनके साथ भी मारपीट कर दी और मोबाइल छीनकर वीडियो डिलीट कर दिये और कोतवाली लाकर छोड़ दिया गया।






Be First to Comment