लखनऊ

लखनऊ में पार्टी कार्यालय पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की।
समाजवादी पार्टी के लखनऊ कार्यालय में शनिवार को बीजेपी, बसपा और जदयू के कई नेता सपा में शामिल हुए। अखिलेश ने कहा- जो लोग 2014 में आए थे वे 2024 में जाने वाले हैं। 10 साल हिटलर का समय था, 10 साल तो इन्होंने भी पूरे कर लिए। ये चुनाव अपनी-अपनी आजादी बचाने का है। ये सविंधान बचाने, लोकतंत्र बचाने का समय है।
अखिलेश के हिटलर वाले बयान पर बीजेपी ने पलटवार किया है। बीजेपी के प्रदेश प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने कहा- अखिलेश यादव ने मानसिक संतुलन खो दिया है। वह हताशा के दौर में पहुंच चुके हैं। एक-एक करके एलायंस पार्टनर छोड़कर चले गए। वह PM के अपमान का खामियाजा भुगतेंगे।

अखिलेश यादव के साथ ही सपा के नए सदस्यों का स्वागत किया गया।
शिक्षक भर्ती को लेकर सरकार पर निशाना
69000 शिक्षक भर्ती के 6800 कैंडिडेट जॉइनिंग लेटर के लिए लखनऊ में 628 दिनों से प्रदर्शन कर रहे हैं। मामला OBC आरक्षण के नियमों की अनदेखी का है। अखिलेश ने कहा- ये PDA कैंडिडेट हैं, जिन्होंने लखनऊ में किसी मंत्री का घर नहीं छोड़ा। लेकिन उन्हें नौकरी नहीं मिली।
ये PDA का अपमान है। एक भी PDA को यूपी के किसी विश्वविद्यालय में अपॉइंटमेंट नहीं दिया गया। ये सरकार PDA का हक और अधिकार छीन रही है। इसलिए BJP अभी और घबराएगी।

अखिलेश ने कहा- पूरी पुलिस पैसा ले रही है। इतनी करप्ट पुलिस कभी नहीं हुई होगी।
यूपी की जनता स्वागत भी करती है और विदाई भी
सपा प्रमुख ने कहा, ये संविधान मंथन का समय है। एक तरफ वे लोग हैं जो संविधान बचाना चाहते हैं। दूसरी तरफ वे-जो संविधान को खत्म कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश की जनता स्वागत भी अच्छा करती है और विदाई भी।
सवाल है… नौकरियां मिलेगी या नहीं? इसलिए BJP हटाओ-नौकरी पाओ। मीडिया के सवाल- MLC चुनाव में PDA के तहत प्रत्याशी उतारेंगे? इस पर अखिलेश ने कहा- अगले 50 साल तक PDA की ही झलक दिखेगी।
सड़कों पर हुए गड्ढे पर अखिलेश यादव ने सवाल उठाया। उन्होंने कहा- लखनऊ में इतने बड़े-बड़े गड्ढे विकास की हकीकत को दिखाते हैं। 40 हजार करोड़ रुपए खर्च करने के बाद ये हाल है।

लाल गमछे में जो लोग बैठे हैं, उन्होंने आज सपा की सदस्यता ली है।
इन लोगों ने सपा का दामन थामा
समाजवादी पार्टी के लखनऊ कार्यालय में शनिवार को बीजेपी और बसपा के कई नेता सपा में शामिल हुए। अखिलेश यादव ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। कहा- हमें खुशी है कि लगातार PDA परिवार बढ़ता जा रहा है। पूर्व विधायक सुभाष चंद्र श्रीवास्तव, भाजपा के सीताराम राजपूत, परवेज आलम, इलियास अंसारी और सुबोध यादव सपा में शामिल हुए। उनका स्वागत करता हूं। तिलक चंद्र वर्मा बसपा से चुनाव लड़े थे। इनके सपा में आने से पार्टी लखनऊ, उन्नाव से लेकर हरदोई तक मजबूत होगी।
संत कबीर नगर के पूर्व सांसद स्व. भालचंद्र यादव के बेटे सुबोध यादव, फाजिलनगर में स्वामी प्रसाद मौर्य के सामने चुनाव लड़ने वाले इलियास अंसारी, भाजपा के औरैया के पूर्व विधायक मदन गौतम सपा में शामिल हुए हैं।
वहीं, भाजपा के पूर्व ब्लॉक प्रमुख और जिला पंचायत सदस्य कमलेश गौतम, बसपा के पूर्व विधायक स्व. शाकिर अली के बेटे परवेज अली, जनता दल यूनाइटेड के पूर्व विधायक सुभाष चंद्र, औरैया से पूर्व विधायक मदन गौतम और सुबोध यादव ने सपा का दामन थामा।










Be First to Comment