नई दिल्ली

दिसंबर 2023 में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने पार्टी में फेरबदल किया था। इसके बाद नव नियुक्त महासचिवों और राज्य प्रभारियों के साथ पार्टी नेतृत्व की यह पहली बैठक है।
कांग्रेस ने 14 जनवरी से शुरू होने वाली भारत न्याय यात्रा का नाम बदल दिया है। अब इस यात्रा का नाम भारत जोड़ो न्याय यात्रा होगा। गुरुवार को दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में हुई पार्टी की बैठक में यह फैसला लिया गया।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की अध्यक्षता में हुई बैठक में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत पार्टी के सभी महासचिव, प्रदेश प्रभारी, कांग्रेस विधायक दल के नेता भी मौजूद रहे। बैठक में यात्रा की तैयारियों और लोकसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा हुई।
खड़गे ने कहा- मीटिंग का एजेंडा 2024 के लोकसभा चुनाव में जीत हासिल करने और भारत जोड़ो न्याय यात्रा की तैयारी करने से जुड़ा है। हमारे लिए दोनों की सफलता जरूरी है, हमें इसके लिए समय देना होगा।
खड़गे ने कहा कि आप लोग पार्टी के आंख-कान हैं। अब हमारे पास सिर्फ तीन महीने हैं, इसमें रात दिन एक करके हमें एक टीम की तरह पार्टी के लिए जी जान से जुटे रहना है। इसके साथ ही उन्होंने पार्टी नेताओं को आपसी मतभेद मीडिया में उठाने से बचने की सलाह दी।
बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष ने केंद्र सरकार और पीएम नरेंद्र मोदी पर भी जमकर निशाना साधा। खड़गे ने कहा कि पीएम आज तक मणिपुर नहीं गए, यह बताता है कि वे राष्ट्रीय सवालों पर कितनी गैर जिम्मेदारी से काम करते हैं।
बीजेपी ने बीते 10 सालों में एक भी ऐसा काम नहीं किया, जिसे उपलब्धि माना जा सके। वे UPA-कांग्रेस के जमाने की योजनाओं का नाम और रूप बदलने का काम करते रहे हैं। सरकार PSU और बड़ी संस्थाओं को बेच रही है। देश की लाइफलाइन रेलवे से लेकर हर संस्थान को तबाह किया है। आज सरकार ED, CBI और IT जैसी संस्थाओं का खुलेआम दुरुपयोग कर रही है।

आंध्र प्रदेश की सीनियर नेता वाईएस शर्मिला 4 जनवरी को राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे की मौजूदगी में कांग्रेस में शामिल हुईं।
दिसंबर 2023 में पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने पार्टी में फेरबदल किया था। इसके बाद नव नियुक्त महासचिवों और राज्य प्रभारियों के साथ पार्टी नेतृत्व की यह पहली बैठक है। दिल्ली में होने वाली इस बैठक से पहले कांग्रेस नेतृत्व ने राज्य के नेताओं के साथ अलग-अलग बैठकें की हैं, जिनमें चुनावी तैयारियों के लिए रणनीति बनाई गई।
14 जनवरी से शुरू होगी भारत जोड़ो न्याय यात्रा
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी 12 दिन बाद (14 जनवरी से) भारत जोड़ो न्याय यात्रा शुरू करेंगे। यह यात्रा मणिपुर से शुरू होकर 20 मार्च को मुंबई में खत्म होगी। लोकसभा चुनाव से करीब 4 महीने पहले होने वाली यह यात्रा 14 राज्य और 85 जिलों को कवर करेगी। इस दौरान राहुल पैदल और बस से 6 हजार 200 किलोमीटर से ज्यादा की दूरी तय करेंगे।

दोनों तस्वीरें भारत जोड़ो यात्रा की हैं। राहुल गांधी ने 7 सितंबर 2022 से 30 जनवरी 2023 तक यह यात्रा की थी, जो कन्याकुमारी से शुरू होकर श्रीनगर में खत्म हुई थी।
कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल और जयराम रमेश ने 27 दिसंबर को पार्टी हेडक्वार्टर में मीडिया को भारत न्याय यात्रा की जानकारी दी थी। पार्टी नेताओं ने बताया कि कांग्रेस भारत जोड़ो यात्रा के बाद भारत न्याय यात्रा करेगी।
यह मणिपुर से शुरू होकर नगालैंड, असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान और गुजरात से होते हुए महाराष्ट्र में समाप्त होगी।






Be First to Comment