शिवपुरी: जिले के बैराड़ कस्बे में बिजली विभाग की बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। यहां बुधवार की सुबह मुख्य बाजार राम जानकी मंदिर के पास धर्मशाला रोड पर बिजली का तार टूटकर रास्ते से गुजर रहे लोगों के ऊपर गिर पड़ा। इस हादसे में दो लोग बुरी तरह से झुलस गए। मुख्य बाजार में अचानक से बिजली का तार टूटकर लोगों के ऊपर गिरने से अफरातफरी मच गई। बाद में मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल लोगों को बैराड़ नगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया जहां उपचार के बाद फिलहाल घायल लोगों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। इस हादसे में बैराड़ निवासी रामनिवास शर्मा और शिक्षक अशोक शर्मा पिपरौदा वाले घायल हो गए हैं। घटना के बाद बिजली विभाग की लापरवाही को लेकर नगर वासियों में आक्रोश देखा गया। सभी ने बिजली कंपनी के जिम्मेदार अधिकारियों पर एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।







Be First to Comment