Press "Enter" to skip to content

सात दिनों से नहीं हुई बारिश, मडीखेड़ा डैम का जल स्तरघटा, तापमान बढ़कर 31 डिग्री हुआ / Shivpuri News

शिवपुरी: जिले में पिछले सात दिनों से बारिश नहीं हुई है। इसके चलते पिछले कुछ दिनों से अधिकतम तापमान 31 डिग्री तक पहुंच रहा है। कम बारिश के चलते बिगड़े मौसम के चलते बीमारियां भी पैर पसारने लगी हैं। बता दें कि पिछले वर्षों की अपेक्षा इस बार की बारिश की बेरुखी से शिवपुरी की हरियाली और पर्यटन क्षेत्र को भी नुकसान पहुंचा है। शिवपुरी को मिनी शिमला भी कहा जाता है इसका मुख्य कारण बारिश के बाद छाई हरियाली और जिले के दर्जनों झरनों में बहते पानी को माना जाता है।


लेकिन इस बार हुई कम बारिश के चलते शिवपुरी का मिनी शिमला वाला मौसम अपने शबाब पर नहीं आ सका है। बता दें शिवपुरी में 5 अगस्त को बारिश हुई थी इसके बाद आज 12 अगस्त तक जिले में कहीं भी बारिश नहीं हुई है। मध्यप्रदेश के कुछ जिलों को छोड़ कर लगभग सभी जिलों में पिछले पांच दिनों से बारिश नहीं हुई है।

बढ़ने की बजाय घटने लगा मड़ीखेड़ा का वाटर लेवल

अच्छी बारिश न होने के चलते मड़ीखेड़ा डैम का जल स्तर घटने लगा है। बता दें फुल लेवल 346.25 मीटर है शनिवार सुबह जारी हुए आंकड़े में डेम 339.35 मीटर के साथ 56.72 भरा हुआ है। जबकि शुक्रवार की सुबह जारी रिपोर्ट के मुताबिक डैम 339.45 मीटर के 57.24 प्रतिशत तक भरा हुआ था। जारी आंकड़ों के अनुसार कम बारिश होने के चलते डेम का पानी बढ़ने की बजाय घट रहा है।

किसानों को पहुंचाया जा रहा है पानी

मड़ीखेड़ा डैम के एसडीओ मनोहर बारोठे ने बताया कि किसानों की धान की खेती के लिए पानी की आवश्यकता थी। इसी के चलते मड़ीखेड़ा डैम का पानी पावर यूनिट से होते हुए मोहनी पिकअप डेम में पहुंचाया जा रहा है। जहां से नहर के जरिए किसानों तक पानी पहुंचाया जा रहा है। इस समय प्रतिदिन 24 घंटे में एक पावर यूनिट से 20 मेगावाट बिजली बनाई जा रही है। इसी के चलते मड़ीखेड़ा डैम का जल स्तर कम होता जा रहा है।

जिले में अभी तक 517.61 मिमी औसत वर्षा दर्ज

शिवपुरी जिले में 01 जून 2023 से आज दिनांक तक 517.61 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज हुई है। जिले में पिछले वर्ष आज दिनांक तक 435.02 मि.मी.औसत वर्षा हुई थी। भू-अभिलेख शिवपुरी के अधीक्षक ने बताया कि जिले की औसत वर्षा 816.3 मि.मी.है। गत वर्ष जिले में कुल 1208.98 मि.मी.वर्षा रिकॉर्ड की गई थी।

उन्होंने बताया कि अभी तक शिवपुरी में 641.20 मि.मी., बैराड़ में 306 मि.मी., पोहरी में 467.50 मि.मी., नरवर में 443 मि.मी., करैरा में 467.80 मि.मी., पिछोर में 692 मि.मी., कोलारस 419.60 मि.मी., बदरवास में 668.40 मि.मी. तथा खनियाधाना में 553 मि.मी. वर्षा दर्ज हुई है।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!