Press "Enter" to skip to content

30 साल की युवती का मिला नरकंकाल, डॉक्टरों को नहीं मिले चोट के निशान, DNA के लिए हड्डी को रखा / Shivpuri News

शिवपुरी: सतनवाड़ा थान क्षेत्र में मड़ीखेड़ा के जंगल में मिले नरकंकाल का पीएम मेडिकल कालेज के विशेषज्ञ डाक्टरों ने किया। पुलिस ने पीएम रिपोर्ट के आधार पर मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।मंगलवार को मड़ीखेड़ा के जंगल में एक ग्रामीण अपने मवेशियों की तलाश में गया था, तो वहां उसे एक नरकंकाल पड़ा मिला। पुलिस ने सूचना पर नरकंकाल को बरामद कर शिवपुरी मेडिकल कालेज में उसका पीएम करवाया। पीएम रिपोर्ट के आधार पर नरकंकाल युवती का है जिसकी उम्र 25 से 30 साल के बीच होगी।

मृतिका के कंकाल की किसी भी हड्डी पर कोई चोट का निशान नहीं हैं। डाक्टरों का मत है कि मृतिका की मौत का कारण किसी भी तरह की कोई चोट नहीं रही है। डाक्टर मौत का कारण भी स्पष्ट नहीं बता पाए हैं। फिलहाल पुलिस किसी भी निष्कर्ष पर नहीं पहुंच सकी है। जंगल में नरकंकाल मिलने का मामला फिलहाल सिर्फ मर्ग कायमी तक सिमट कर रह गया है।



पुलिस का कहना है कि मृतिका के कपड़ों आदि के फोटो आसपास के जिलों के थानों आदि को भिजवा दिए हैं। उसके अलावा गुमशुदगी की जानकारी भी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि जब तक मृतिका की शिनाख्त नहीं हाे जाती है तब तक मामले में आगे की पड़ताल करना संभव नहीं है।

डीएनए के लिए सुरक्षित रखी हड्डी
पुलिस का कहना है कि अगर निकट भविष्य में कोई व्यक्ति यह दावा करता है कि मृतिका उनकी बेटी, बहन, पत्नी आदि थी, तो, उनके दावे के आधार पर मृतिका की शिनाख्त के लिए उसकी एक हड्डी पुलिस ने सुरक्षित रख ली है। इसी हड्डी से डीएनए सेम्पल लेकर मृतिका की शिनाख्त की जाएगी। शिनाख्त के उपरांत जो भी तथ्य सामने आएंगे उनके आधार पर आगे की विवेचना की जाएगी।



लाश ठिकाने लगाने वाले जंगल से परिचित?
फिलहाल पुलिस के लिए यह बड़ा सवाल है कि मृतिका की लाश को इतने घने जंगल में आखिर लाया कौन? पुलिस सूत्र बताते हैं कि यह तो तय है कि जिस व्यक्ति ने भी लाश ठिकाने लगाई है वह इस जंगल क्षेत्र से परिचित रहा होगा, तभी वह लाश को इतने अंदर ले जाकर फेंक कर गया होगा। उसे इस बात की भी जानकारी रही होगी कि जिस जगह लाश फेंकी जा रही है वहां सामान्य रूप से न तो गांव वाले आते हैं और न ही फारेस्ट के कर्मचारी आते हैं। पुलिस को इस बात का भी संदेह है कि मृतिका की लाश कहीं बाहर से लाकर भी यहां ठिकाने लगाई जा सकती है, क्योंकि अगर आसपास की कोई लड़की गायब होती तो अब तक उसकी जानकारी सामने आ जाती। माना जा रहा है कि मृतिका की मौत करीब एक माह पूर्व हुई होगी और उसके मांस को जंगली जानवरों ने खा लिया होगा।

इनका कहना है
नरकंकाल का पीएम करवा लिया है। पीएम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। नरकंकाल युवती का निकला है, लेकिन उसकी किसी भी हड्डी में कोई चोट का निशान नहीं है। ऐसे में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। मृतिका की शिनाख्त अब डीएनए के आधार पर की जाएगी। शिनाख्त के बाद ही आगे की कार्रवाई हो सकेगी।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!