शिवपुरी: शहर के गांधी चौक स्थित मुख्य बाजार की भोला ब्रदर्स नाम की किराने की दुकान में शुक्रवार रात चोरी हो गई। चोरी हुए सामान की कीमत करीब डेढ़ लाख रुपए है।
चोरी की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे शिवपुरी एसडीओपी अजय भार्गव सहित कोतवाली प्रभारी अमित भदोरिया को व्यापारियों की नाराजगी का सामना करना पड़ा। आक्रोशित दुकानदारों ने पुलिस गश्ती पर सवाल खड़े किए और बताया कि बाजार में चोरी होने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। गांधी चौक पर एकत्रित हुए दुकानदारों ने बाजार बंद करने की बात कही। लेकिन एसपी रघुवंश सिंह भदौरिया के आश्वासन के बाद व्यापारियों ने बाजार बंद नहीं किया। चोरी की यह वारदात सीसीटीवी में भी कैद हुई है।
भोला ब्रदर्स के संचालक विजय बंसल ने बताया कि उनकी दुकान की शटर को तोड़कर अज्ञात चोर दुकान से डेढ़ लाख रुपये की सिगरेट, पान मसाला, बीड़ी के बंडल चोरी कर के ले गया। विजय बंसल ने बताया कि रात्रि करीब 1:37 पर उक्त चोर बाइक के साथ पोहरी बस स्टैंड के पास सीसीटीवी में देखा गया। इसके बाद चोर गुरुद्वारा होते हुए 1:43 पर दुकान पर पहुंचा था जहां सब्बल (टायर लिवर) की मदद से चोर ने दुकान की शटर को तोड़कर दुकान के अंदर प्रवेश किया।
चोर करीब 15 मिनट दुकान के भीतर रहा उसके बाद दुकान में रखे सिगरेट, पान मसाला और बीड़ी को कट्टों में भरकर अपने साथ ले गया। आखरी बार चोर कमलागंज क्षेत्र में लगे सीसीटीवी में कैद हुआ इसके बाद चोर का कोई सुराग नहीं लगा। कोतवाली थाना पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर चोर की तलाश शुरू कर दी है।







Be First to Comment