शिवपुरी के देहात थाना क्षेत्र के बांसखेडी रोड किनारे 17 अप्रैल को एक अज्ञात युवक की सिर कुचली लाश मिली थी। युवक की हत्या सिर पर पत्थर पटक कर की गई थी। इस वजह से चेहरा पहचान में नहीं आ रहा था। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या की धाराओं में मामला दर्ज कर मृतक की शिनाख्त शुरू कर दी थी। पुलिस ने मंगलवार को इस अंधे कत्ल का पर्दाफाश करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस हत्याकांड का खुलासा एसपी ने पुलिस कंट्रोल रुम में प्रेसवार्ता कर किया है। एसपी ने बताया कि युवक की हत्या प्रेम प्रसंग के चलते की गई थी।
अवैध संबंधों के चलते हुई थी हत्या
एसपी रघुवंश सिंह भदौरिया ने बताया कि मृतक की पहचान पहाडखुर्द थाना मायापुर के रहने वाले रविन्द्र जाटव के रूप में हुई थी। पुलिस ने बताया कि मृतक रविंद्र जाटव की मौसी के लड़के का मृतक की पत्नी से अवैध संबंध थे। इसी के चलते मृतक के मौसी के लड़के ने अपने 4 साथियों के साथ मिलकर रविन्द्र जाटव को मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने मृतक के मौसी के लड़के श्याम लाल जाटव पुत्र सिब्बा जाटव उम्र 35 साल निवासी देवरी थाना इंदार और उसके भांजे पवन जाटव पुत्र पप्पू जाटव उम्र 24 साल निवासी बिजरौनी थाना इंदार सहित अभिषेक लोधी पुत्र चिंटूराम लोधी उम्र 22 साल निवासी पचलाना थाना ईसागढ, अंकेश उर्फ प्रशांत जाटव पुत्र मिश्री जाटव उम्र 19 साल निवासी जौलन थाना ईसागढ और जीतू उर्फ जीतकुमार पुतर शुभान बाल्मीकि उम्र 23 साल निवासी जौलन थाना ईसागढ़ को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार मृतक रविंद्र जाटव के घर उसके मौसी का लड़का श्याम लाल जाटव का आना-जाना सालों से लगा था। इसी दौरान श्याम की रविंद्र की पत्नी से खूब जमने लगी थी। इस बीच दोनों के बीच अवैध संबंध भी बन गए थे लेकिन रविंद्र सहित उसके परिजन दोनों के बीच के संबंधों को देवर और भाभी के संबंध को समझते रहे। डेढ़ साल पहले मृतक रविंद्र ने अपनी पत्नी को मौसी के लड़के श्याम के साथ देख लिया था। इसके बाद श्याम से रविन्द्र ने रिश्तेदारी खत्म कर ली थी। डेढ़ साल से श्याम रविन्द्र की पत्नी से नहीं मिल पा रहा था। यही वजह रही कि श्याम ने अपने मौसी के लड़के रविंद्र को रास्ते से हटाने की योजना बना ली।
शराब पार्टी पर बुलाया, पत्थर से सिर कुचलकर हत्या की
जानकारी के अनुसार 16 अप्रैल को श्याम ने रविंद्र को शराब पार्टी के लिए शिवपुरी बुलाया था, जहां श्याम और उसका भांजा पवन जाटव और अभिषेक लोधी, अंकेश उर्फ प्रशांत जाटव, जीतू उर्फ जीतकुमार पहले से ही हत्या की साजिश रचे बैठे थे। रविंद्र के पहुंचने के बाद सभी ने बांसखेडी रोड पर पहले शराब पी, फिर श्याम की पत्थरों से कुचलकर हत्या कर दी। शिनाख्त न हो सके, इसके लिए आरोपियों ने रविन्द्र जाटव के जेब में रखा कागज और उसकी बाइक लेकर घटनास्थल से भाग गए। मृतक के मोबाईल को पत्थर से कूटकर टुकड़े-टुकड़े कर दिया, जिससे मृतक की पहचान नहीं की जा सके।
टूटे मोबाईल के जरिए मृतक की शिनाख्त पुलिस कर सकी थी। इसके बाद पड़ताल कर पुलिस ने अंधेकत्ल का पर्दाफ़ाश कर दिया। पुलिस ने 24 अप्रैल को 2 आरोपियों को दबिश देकर विजरौनी गांव और देवरी थाना इंदार और आज 25 अप्रैल को शेष तीन आरोपियों को ईशागढ़ जिला अशोकनगर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से मृतक की बाइक, कागजात और 2 बाइक-मोबाईल बरामद कर अंधेकत्ल का खुलासा कर दिया।






Be First to Comment