शिवपुरी: ग्वालियर-शिवपुरी फोरलेन हाइवे पर नेशनल पार्क वाले क्षेत्र में निर्माण से छूटे 659 किलोमीटर हिस्से पर डामरीकरण कर वन-वे ट्रैफिक चालू कर दिया गया है। इससे जिले के सबसे घातक ब्लैक स्पॉट पर न सिर्फ ट्रैफिक जाम खत्म हो गया है, बल्कि हादसों पर भी विराम लग गया है। तीन महीने से ट्रैफिक जाम की समस्या नहीं आई और डेढ़ महीने से कोई घातक सड़क हादसा भी नहीं हुआ है। इससे उम्मीद है कि खूबत घाटी वाले इस हिस्से से सबसे घातक ब्लैक स्पॉट होने का दाग जल्द मिट जाएगा।
राष्ट्रीय राजमार्ग के नेशनल पार्क के खूबत घाटी वाले हिस्से में पांच साल में 23 सड़क हादसे हो चुके हैं। इन हादसों में 13 लोग जान गंवा चुके हैं जबकि 36 जख्मी हुए हैं। यहां हुए एक हादसे में सिविल जज की भी मौत हो चुकी है। अब राहतभरी खबर यह है कि होली से पहले एक साइड में डामरीकरण के साथ सारा ट्रैफिक वन-वे कर दिया गया है। पिछले साल 2022 में भी काफी हिस्से में डामरीकरण होने से जाम व हादसे कम होने लगे थे। सड़क बनते-बनते कई लोगों की जान जा चुकी है लेकिन डेढ़ महीने में कोई गंभीर हादसा नहीं हुआ है। आगे भी कोई गंभीर हादसों की आशंका कम ही है। ऐसे में जल्द ही जिले का सबसे खतरनाक ब्लैक स्पॉट हमेशा के लिए खत्म हो जाएगा।
पार्क अफसर सड़क बनाने से रोकते रहे, वन्य प्राणी पहियों तले कुचलते रहे ग्वालियर से शिवपुरी के बीच तक फोरलेन हाइवे सड़क बहुत पहले ही बन चुकी थी लेकिन नेशनल पार्क अफसरों ने वाइड लाइफ के तहत नियमों का हवाला देकर सड़क नहीं बनने दी। नतीजा यह हुआ कि हादसों में लोगों की जान जाती रही। तेंदुए, बंदरों से लेकर अन्य वन्य प्राणी भी वाहनों के पहियों तले कुचलते रहे। बीते सालों में तीन तेंदुओं की हादसे में जान जा चुकी है। हालांकि अब सड़क बनने से काफी राहत मिलना शुरू हो गई है।
आगे क्या: 75% काम कंप्लीट, दावा – मई तक दूसरी साइड भी चालू हो जाएगी
नेशनल पार्क वाले हिस्से में छूटे 6.59 किमी हिस्से में एक साइड पुल-पुलियों के साथ डामरीकरण कराकर वन-वे चालू करा देने से सारा ट्रैफिक आसानी से निकल रहा है। ठेका कंपनी वर्तमान में 75% काम होने की बात कह रही है। मई तक समय सीमा के आधार पर दूसरी साइड का काम भी पूरा हो जाएगा। इसी के साथ दूसरी साइड चालू हो जाएगी। इस तरह भविष्य में ट्रैफिक जाम की गुंजाइश नहीं बचेगी और हादसों की आशंका न के बराबर रह जाएगी।
मई तक दूसरी साइड भी तैयार हो जाएगी, ट्रैफिक समस्या खत्म होगी
तीन महीने से कोई ट्रैफिक जाम नहीं लगा है। डेढ़ महीने से हादसे भी नहीं हुए हैं। मई 2023 तक समय सीमा के हिसाब से दूसरी साइड भी तैयारी करा रहे हैं। दूसरी साइड चालू होते हुए ट्रैफिक जैसी समस्या नहीं रहेगी। सड़क चौड़ीकरण से हादसों की आशंका भी नहीं रहेगी।
एसके राय, प्रोजेक्ट मैनेजर, केआरसी कंपनी
वन-वे में ट्रैफिक चालू, स्पीड 20 किलोमीटर रखी गई है
एक हिस्से में डामरीकरण होने से वन-वे में ट्रैफिक चालू हो गया है। स्पीड 20 किमी रखी है, यदि कोई ज्यादा स्पीड में गाड़ी चलाएगा तो हादसे की आशंका बनी रहेगी। दूसरी साइड तैयार होते हुए स्पीड 80 से 100 किमी हो जाएगी। हालांकि मोड़ पर स्पीड 40 किमी ही रखेंगे। निर्माण कार्य समय पूरा हो जाएगा।
राजेश गुप्ता, प्रोजेक्ट डायरेक्टर, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण क्षेत्रीय कार्यालय ग्वालियर






Be First to Comment