शिवपुरी: कोलारस नगर में अज्ञात बदमाश ने किसान को निशाना बनाते हुए उसके ढाई लाख रुपए चोरी कर लिए गए। पीड़ित किसान ने इसकी शिकायत कोलारस थाने में दर्ज कराई है। हरकत में आई पुलिस घटनास्थल के सीसीटीवी को खंगालने में लगी हुई है।
इंदार थाना क्षेत्र के रहने वाले राजकुमार रघुवंशी शुक्रवार को कोलारस अनाज मंडी में सरसों की फसल बेचने आया हुआ था। पीड़ित किसान राजकुमार रघुवंशी ने बताया कि उसने 39 कुंटल सरसों की फसल बेची थी। इसके एवज में उसे व्यापारी ने ढाई लाख रुपए दिए थे। इन रुपयों को उसने बैग में रख लिए थे। इसके बाद वह कोलारस नगर के बाजार में राशन का सामान खरीदने पहुंचा था। बैंक ऑफ इंडिया के पास स्थित राशन की दुकान पर राशन लेने गया हुआ था। इसी बीच वह बीड़ी पीने के लिए दुकान से बाहर आया और उसने अपना पैसों से भरा हुआ बैग पास खड़ी बाइक पर टांग दिया। इसी दौरान खरीदे हुए राशन को वह अपने ट्रैक्टर में रखवाने लगा इसी बीच किसी अज्ञात व्यक्ति ने बाइक पर टंगे हुए ढाई लाख रुपए से भरा बैग निकाल लिया। वारदात को अंजाम देने वाला एक संदिग्ध सीसीटीवी में कैद हुआ है।
बेटे की भरनी थी फ़ीस, चोर हुआ सीसीटीवी में कैद
राजकुमार रघुवंशी ने बताया कि उसका बेटा शाश्वत रघुवंशी हैप्पी डेज स्कूल में नवी कक्षा में पढ़ता है। उसे हॉस्टल सहित स्कूल की फीस के एक लाख रुपए चुकाने थे। किसान इन्हीं पैसों से फीस जमा करना था परंतु उससे पहले उसके पैसे अज्ञात व्यक्ति के द्वारा चोरी कर लिए गए। घटना पास में लगे सीसीटीवी में भी कैद हुई है। उक्त सीसीटीवी वीडियो में एक बदमाश पैसे का बैग ले जाते हुए दिखाई दे रहा है। कोलारस थाना प्रभारी मनीष शर्मा का कहना है कि किसान ने पैसे चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई है। सीसीटीवी के आधार पर चोर की तलाश शुरू कर दी गई है।






Be First to Comment