शिवपुरी: श्रीमंत माधवराव सिंधिया शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के परिसर में खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। जिसमें महाविद्यालयीन छात्र-छात्राओं ने कुश्ती के गुर दिखा संभाग स्तर के लिए अपने नाम तय किए। इनमें 65 किलो वर्ग में जहां मनजीत जाट कोलारस ने पहला स्थान हासिल किया। वहीं 79 किलो वर्ग में आदित्य ने बेहतर प्रदर्शन कर पहला स्थान हासिल किया। खास बात यह रही कि महिला वर्ग में भी यह प्रतियोगिता आयोजित हुई, जिसमें एकमात्र पहलवान आयुषी दांगी कोलारस को सफलता मिली। अब संभाग स्तर पर शिवपुरी जिले का विजेता खिलाड़ी प्रतिनिधित्व करेंगे।
श्रीमंत माधवराव सिंधिया शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में जिला स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन बुधवार को किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ जनभागीदारी समिति अध्यक्ष अमित भार्गव ने किया। जिन्होंने कहा कि प्रतिभाएं हर क्षेत्र में है, बस उन्हें तराशने की आवश्यकता है।यदि वह समय-समय पर आयोजित होने वाली प्रतियोगिताओं में अपना हुनर दिखाएं राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकती हैं।
वही कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ महेंद्र कुमार ने कहा कि खेल क्षेत्र में भी बेटे- बेटियां बहुत नाम कमा रहे हैं। अकेला क्रिकेट नहीं वरन कुश्ती सहित अन्य खेलों में भी खिलाड़ी अपनी पहचान गढ़ रहे हैं। ऐसे में जिन विद्यार्थियों को यहां अवसर मिला है वह संभाग स्तर पर जीते हैं और संभाग स्तर से फिर वह स्टेट में अपना बेहतर परफॉर्म करें ,ताकि वह अपनी पहचान बनाने के साथ-साथ महाविद्यालय को भी नई ऊंचाइयां दें। कार्यक्रम का संचालन क्रीड़ा अधिकारी डॉ पूनम सिंह ने किया। इस अवसर पर अन्य प्राध्यापक और खेल से जुड़े हुए महाविद्यालय टीम के सदस्य मौजूद रहे।
इस वर्ग में इन्हें मिली सफलता
पुरुष वर्ग में 57 किलो वर्ग के मुकाबले में पहला स्थान संजीव पाल पिछोर ने हासिल किया। जबकि 61 किलो वर्ग में रविंद्र जाटव पहले स्थान पर रहे। 65 किलो वर्ग में मनजीत जाट कोलारस पहले स्थान पर रहे, जबकि 70 किलो वर्ग में पीजी कॉलेज के पहलवान योगेश मांझी ने पहला स्थान हासिल किया। इसी तरह 79 किलो वर्ग में कोलारस के आदित्य ने बेहतर प्रदर्शन किया, महिला वर्ग में कोलारस की आयुषि दांगी ने ग्वालियर में आयोजित होने वाली संभाग स्तरीय प्रतियोगिता के लिए अपना स्थान पक्का कर लिया।






Be First to Comment