शिवपुरी जिले के करैरा थाना क्षेत्र में अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने बाइक पर सवार होकर जा रहे युवक, भाभी और बहन के साथ लूट की वारदात की है। लूट की वारदात में बदमाशों ने कट्टे फायर भी किए, जिसमें एक युवक की हाथ की उंगलियों में गोली लगी है। घायल को इलाज के लिए करैरा के स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया है। करैरा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
करैरा थाना क्षेत्र के ग्राम दुमदुमा का रहने वाला 19 वर्षीय सुभाष गुर्जर पुत्र मेहताब सिंह गुर्जर ने बताया कि बीते शनिवार वह अपनी भाभी रुकमणी, बहन अंजू के साथ बाइक पर ग्राम रेपुरा में रिश्तेदारों के यहां जा रहा था। इसके साथ ही एक अन्य बाइक से उसका भाई रंजीत और जंडेल परिहार भी साथ जा रहे थे।
भाभी के कानों से निकलने लगा खून
सुभाष गुर्जर ने बताया कि वे ग्राम राय पहाड़ी लमकना के बीच आम रोड से होकर गुजर रहे थे। इसी दौरान एक काले रंग की बाइक पर सवार होकर तीन बदमाश आए और उनकी बाइक को रोक लिया। इस दौरान एक दूसरी बाइक से जा रहे उसके भाई आगे निकल चुके थे। बदमाशों ने बाइक को रोककर बाइक की चाबी खींच ली और कनपटी पर कट्टा अड़ा दिया। एक दूसरे बदमाश ने उसकी भाभी रुकमणी के दोनों कानों में पहने हुए सोने के आभूषण खींच लिए, जिससे भाभी के कानों से खून बहने लगा। इसके अतिरिक्त गले में पहने हुए मंगलसूत्र, दो सोने की अंगूठी और पुतली को लेकर बदमाश भागने लगे।
बदमाश ने भाई के हाथ में मारी गोली
बाइक से आगे चल रहा उसका भाई रंजीत और जंडेल परिहार वापस लौट कर आए। उन्हें देखकर तीनों बदमाश मौके से भागने लगे। बदमाशों ने अपनी बाइक से सामने से आ रहे उसके भाईयों की बाइक में टक्कर मार दी। उसके दोनों भाई जमीन पर गिर पड़े। उसके भाई रंजीत ने बदमाशों को पकड़ना चाहा, तो बदमाशों ने उस पर कट्टे से फायर कर दिया। गोली उसके भाई रंजीत के हाथ की उंगलियों में लगी है। वह बुरी तरीके से घायल है। बदमाश हाथ में कट्टा लहराते हुए भागने में कामयाब हो गए।
सुभाष गुर्जर ने शिकायत करैरा थाने में पहुंचकर दर्ज कराई है। पुलिस ने अज्ञात तीन बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज विवेचना शुरू कर दी।






Be First to Comment