शिवपुरी: मध्य प्रदेश के शिवपुरी में जानकी सेना संगठन विश्व कीर्तिमान बनाने जा रहा है.12 नवंबर को 12:12 मिनट पर शहर के पोलो ग्राउंड पर 11000 लोग एक साथ सुंदरकांड का पाठ कर विश्व कीर्तिमान को रचाएंगे.संगठन के कार्यकर्ता विश्व कीर्तिमान बनाने के इस कार्य को लेकर जिलेभर में तैयारियों में जुटे हुए हैं.रविवार को होटल मातोश्री में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में संयुक्त रूप से जानकारी देते हुए संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विक्रम सिंह रावत राष्ट्रीय संयोजक बृजेश सिंह तोमर और महामंडलेश्वर पुरुषोत्तम दास महाराज ने बताया कि कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर बैठकों का दौर जारी है.जिलेभर में सुंदरकांड आमंत्रण यात्रा का आयोजन किया जा रहा है कार्यकर्ता घर-घर जाकर पीले चावल देकर लोगों को आमंत्रण दे रहे हैं.
200 फुट ऊंचे महामंच पर मुख्य अतिथि के रूप में विराजेंगे हनुमान जी
महामंडलेश्वर पुरुषोत्तम दास महाराज ने बताया कि शहर के पोलो ग्राउंड मैदान में 200 फुट ऊंचे महामंच का निर्माण कराया जा रहा है.इस महामंच पर मुख्य अतिथि के रूप में हनुमान जी महाराज विराजेंगे.इस मैदान में 11000 लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है. इसके अलावा दोनों ओर दर्शक दीर्घा की व्यवस्था की गई है जहां से लोग बैठकर सुंदरकांड का आनंद ले सकेंगे.
पोलो ग्राउंड को 10 कंपार्टमेंट जोन में बांटा जाएगा
शिवपुरी शहर के सबसे बड़े मैदान पोलो ग्राउंड को 10 कंपार्टमेंट जोन में बांटा गया है.इसमें जानकी वाटिका,किष्किंधा पर्वत, हनुमानगढ़ी,कौशल्या धाम,लव कुश वाटिका,अवधपुरी,विश्वामित्र तपोवन,बाल्मीकि तपोवन कंपार्टमेंट के नाम दिए गए हैं.यहां पर पत्रकारों के लिए अलग से नारद वाटिका के नाम से बैठक व्यवस्था की गई है.
वाहनों के लिए 10 पार्किंग जोन बनाए गए हैं
आयोजन में शामिल होने आने वाले लोगों के लिए शहर में अलग-अलग जगह 10 पार्किंग जोन बनाए गए हैं. पार्किंग के लिए कृष्णा मैरिज गार्डन, सिया मैरिज गार्डन लव कुश मैरिज गार्डन ट्रैक्टर और बसों के लिए गांधी पार्क मैदान नगर पालिका परिसर में संगठन की महिला कार्यकर्ताओं के लिए पार्किंग की व्यवस्था की गई है. जनपद और ट्रेजरी ऑफिस परिसर में व्यवस्थापक और संगठन के सदस्यों के लिए पार्किंग की व्यवस्था की गई है.
चारों दिशाओं से ढोल नगाड़े के साथ पहुंचेंगे पोलो ग्राउंड
12 नवंबर को दोपहर 12:12 पर विश्व कीर्तिमान सुंदरकांड कार्यक्रम प्रारंभ होगा जो 1:45 पर संपन्न होगा. इसके बाद
हनुमान जी महाराज की आरती का आयोजन रखा गया है. कार्यक्रम में शिवपुरी शहर की चारों दिशाओं से लोगों को ढोल नगाड़ों के साथ पोलो ग्राउंड मैदान में पहुंचने की व्यवस्था की गई है.
देश के 9 प्रदेशों के 38 जिलों में फैला है संगठन
जानकी सेना संगठन देश के 9 प्रदेश मध्य प्रदेश उत्तर प्रदेश दिल्ली राजस्थान महाराष्ट्र गोवा उत्तराखंड बिहार और लद्दाख के 38 जिलों में फैला हुआ है.वहीं संगठन की शाखाएं विदेशों तक में स्थापित हैं वर्तमान में लंदन,अमेरिका,वियतनाम,दुबई और नेपाल
जानकी सेना संगठन की शाखाएं फैली हुई हैं.






Be First to Comment