शिवपुरी: नगर परिषद क्षेत्र में सूअरों की बढ़ती तादाद स्थानीय लोगों के लिए मुसीबत बनती जा रही है। नगर में दिनों दिन बढ़ रहे सूअरों से लोगों का घर से निकलना दूभर हो गया है। स्थिति यह है कि नगर में जगह-जगह सुअरों का जमावड़ा लगा हुआ है। जहां सब्जी मंडी, अनाज मंडी और किराना दुकानों के सामने सूअरों के झुंड आए दिन हादसों का सबब बन रहे हैं। नगर में सूअरों का आतंक इस हद तक तक बढ़ चुका है सूअर राह चलते बच्चों पर भी हमला करने से भी बाज नहीं आ रहे हैं। वहीं लोगों का सामान झपट कर भी भाग रहे हैं, इससे स्थानीय रहवासियों में रोष का माहौल है। उधर इस मामले में बदरवास सीएमओ आरबी शर्मा का कहना है कि आपके द्वारा हमारे संज्ञान में आया है, जिन लोगों ने इन्हें पाल रखा है, उनसे बोलेंगे अगर नहीं माने तो कलेक्टर को आवेदन लिखेंगे।
फैला रहे गंदगी, बढा संक्रामक रोगों का खतरा
नगर परिषद क्षेत्र के रहवासी प्रशांत सोनी, अशोक गुप्ता व राकेश आदि का कहना है कि नगर में सूअरों की तादाद लगातार बढ़ने से नगर में जगह-जगह गंदगी पसरी हुई है। नगर में सूअर आए दिन आमजन का सामान छुड़ाकर भागते नजर आ रहे हैं और जगह-जगह गंदगी फैला रहे हैं। इससे नगर वासियों के सामने संक्रामक बीमारियों का खतरा पैदा हो गया है। सड़कों पर दौड़ रहे सूअरों से बाइक सवारों को अधिक खतरा बना हुआ है। जहां कई दफा दोपहिया वाहन चालक सुअरों से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो चुके हैं। इस संबंध में नगर वासी कई दफा नगर परिषद के जिम्मेदारों को अवगत करा चुके हैं। लेकिन अभी तक किसी का भी ध्यान इस तरफ नहीं गया है। इससे समस्या जस की तस बनी हुई है।






Be First to Comment