शिवपुरी: जिले के नरवर थाना क्षेत्र के बरखाड़ी गांव में बीते रात खेत पर फसल की रखवाली कर रहे कुछ ग्रामीणों ने एक युवक को पकड़ कर बंधक बना लिया। युवक के पास ग्रामीणों को संदिग्ध इंजेक्शन सहित एक चाकू भी मिला। तमाम डराने-धमकाने के बाद युवक ने ग्रामीणों को कुछ नहीं बताया। जिसके बाद ग्रामीणों ने युवक को पुलिस के हवाले कर दिया।
किसानों के पीछे पड़ा युवक
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम वरखाड़ी में रात्रि करीब 12 बजे के लगभग कुछ ग्रामीण अपने खेत पर फसल की रखवाली कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें एक युवक संदिग्ध अवस्था में दिखा। ग्रामीणों को शक हुआ कि कोई चोर गांव में घुसने का प्रयास कर रहा है। जब एक ग्रामीण संदिग्ध युवक की पड़ताल के लिए आगे बढ़ा तो युवक पीछे पड़ गया।
ग्रामीण के चीखने चिल्लाने के बाद अन्य लोग एकत्रित हो गए और युवक को धर दबोचा। ग्रामीणों ने मिलकर युवक को बंधक बना लिया। इस दौरान युवक से पूछताछ की, तो युवक ने ग्रामीणों को कुछ नहीं बताया। ग्रामीणों ने जब युवक के बैग को चेक किया तो उसमें कई इंजेक्शन की शीशी और सिरिंज मिली। इसके अतिरिक्त एक युवक के बैग में एक चाकू भी रखा हुआ था।
मानसिक विक्षिप्त है युवक
संदिग्ध युवक ने अपना मुंह नहीं खोला, तो ग्रामीणों ने रात में ही युवक को नरवर थाना पुलिस के हवाले कर दिया। नरवर थाना प्रभारी आलोक सिंह भदौरिया का कहना है कि युवक से पूछताछ के दौरान पता चला कि युवक मानसिक विक्षिप्त है। इसलिए उसे छोड़ दिया है।






Be First to Comment