Press "Enter" to skip to content

समस्याओं को लेकर वार्ड क्रमांक 36 द्धारिकापुरी कॉलोनी के रहवासियों ने चुनाव का बहिष्कार / Shivpuri News

शिवपुरी। शिवपुरी के वार्ड क्रमांक 36 के तहत आने वाली द्धारिकापुरी कॉलोनी के रहवासियों ने समस्याओं को लेकर नगर पालिका चुनाव का बहिष्कार कर दिया। लोगों का कहना था कि आज तक जितने भी पार्षद बने उन्होंने सिर्फ वोट मांगा और उसके बाद शक्ल तक दिखाने नहीं आए। अब फिर से चुनाव का समय आ गया है और हर दल के प्रत्याशी यहां वोट मांगने आ रहे हैं। हमने उन्हें वोट देने से इंकार कर दिया है और कहा कि अगर समस्याओं का हल जल्द नहीं हुआ तो वह किसी भी प्रत्याशी को वोट नहीं देंगे और चुनाव का बहिष्कार करेंगे।

कॉलोनी के रहवासियों कहना है कि द्धारिकापुरी कॉलोनी वैध कॉलोनी है लेकिन अब तक यहां सीसी रोड नहीं डाली गई। कॉलोनी में पानी का कोई निकास नहीं है। यहां 12 महीने पानी भरा रहता है। हालात बरसात में और अधिक खराब हो जाते हैं क्योंकि शांति नगर, झींगुरा, नोहरी, बछौरा का गंदा पानी इसी कॉलोनी में आकर भर जाता है जिससे यह क्षेत्र तालाब में परिवर्तित हो जाता है और रहवासियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। मामले को लेकर नपा, कलेक्टर, एसडीएम, मंत्री, केंद्रीय मंत्री तक को आवेदन दे चुके हैं लेकिन समस्या का आज दिनांक तक हल नहीं हुआ। वर्तमान में नगर निकाय चुनाव में हम कॉलोनीवासियों ने निर्णय ​लिया है कि मतदान का बहिष्कार कर अपना विरोध प्रकट करेंगे।

कांग्रेस व बीपीजे प्रत्याशी हुए आमने—सामने
जब कॉलोनी के रहवासी विरोध प्रदर्शन रहे थे उसी समय वहां बीजेपी व कांग्रेस के प्रत्याशी पहुंच गए। यहां दोनों ने एक—दूसरे पर असुनवाई के आरोप लगाए। कांग्रेस पद के प्रत्याशी का कहना था कि हमने कॉलोनी की समस्या को लेकर कई बार मंत्री, विधायक, नपा, कलेेक्टर को आवेदन दिए लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। वहीं बीजेपी के प्रत्याशी ने जल्द समस्या हल कराने की बात कही।

इनका कहना है
कॉलोनी में सबसे पहला मकान हमारा है। हम यहां पिछले 16—17 सालों से रह रहे हैं तब से यहां पानी के निकास न होने की समस्या बनी हुई है। मामले को लेकर कई बार संबंधितों को अवगत कराया गया लेकिन कुछ हल नहीं निकला। अब हम चुनाव का बहिष्कार करेंगे।
आरती जादौन, स्थानीय रहवासी

चुनाव के समय प्रत्याशी वोट मांगने आ जाते हैं और झूठे वादे कर जीतकर चले जाते हैं। हमारी कॉलोनी में पानी का कोई निकास नहीं है। शांति नगर, झींगुरा, नौहरी व बछौरा का गंदा पानी हमारी कॉलोनी में भरा रहता है। कोई सुनवाई नहीं करता इसलिए अब हम चुनाव का बहिष्कार करेंगे।
राधा ओझा, स्थानीय रहवासी

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!