भाजपा के आगामी कार्यक्रमों एवं नगरीय निकाय चुनाव को लेकर पत्रकारवार्ता आयोजित
शिवपुरी। सभी जगह चुनावी वेला प्रारंभ हो चुकी है। केंद्र की मोदी सरकार और राज्य में शिवराज सरकार ने देश और प्रदेश में विकास की नई इबारत को लिखा है। जहां चहुओर देखने पर सिर्फ और सिर्फ विकास ही दिखता है। मध्यप्रदेश में 15 महीनो की कमलनाथ सरकार ने ना तो योजनाएं बनाई और ना ही कोई विकास किया, बल्कि जो महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजनाएं पूर्व से चली आ रही थी उन्हे भी बंद कर दिया। उन्होंने कहा कि वर्तमान में प्रदेश सरकार ने अपराधियों के विरुद्ध जो जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है और गंभीर किस्म के अपराध करने वालों की अवैध संपत्तियों को जिस तत्परता के साथ नष्ट किया जा रहा है यह भी भाजपा सरकार की सफलता को दर्शाता है। यह बात जिलाध्यक्ष राजू बाथम ने होटल पीएस में आयोजित भाजपा की पत्रकारवार्ता के दौरान कही।
जिलाध्यक्ष राजू बाथम ने बताया कि 26 एवं 27 जून को जनसंपर्क महाअभियान सभी बूथ स्तर पर आयोजित किया जाएगा। इस अभियान के दौरान घर—घर पहुंचकर हितग्राहियों व नागरिकों से पार्टी की विकासवादी नीतियों को समर्थन देने को कहा जाएगा। कार्यकर्ता एक उत्सव के रूप में ढोल, ढमाके, झंडे बैनर के साथ जनसंपर्क अभियान करेंगे। इसी तरह 26 जून को प्रधानमंत्री जी के मन की बात कार्यक्रम निर्धारित समय पर बूथ स्तर पर सुना जाएगा। 29 एवं 30 जून को सभी नगर निकायों में विराट नगर विजय सम्मेलनों का आयोजन किया जाएगा। इन सम्मेलनों में सरकार द्धारा जनहित में उठाए गए कदमों की व्यापक चर्चा होगी।
पत्रकारवार्ता को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त नरेंद्र बिरथरे ने कहा कि कांग्रेस ने अपनी सत्ता को बचाने के लिए पूरे देश में 25 जून 1975 को आपातकाल लागू करना लोकतंत्र का सबसे काला अध्याय था। इसे कभी नहीं भुलाया जा सकता। आपातकाल में लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं, जनता और मीडिया का गला घोंटकर प्रमुख लोगों को जेल में डाल दिया गया। लोकतंत्र सेनानियों ने जो यातनाएं झेलीं वो अकल्पनीय हैं। इस अवसर पर प्रदेश कार्यसमिति सदस्य हरवीर रघुवंशी, महामंत्री सोनू बिरथरे, गगन खटीक, मंडल अध्यक्ष विपुल जैमनी, जिला मीडिया प्रभारी विकास दंडौतिया, सोशल मीडिया प्रभारी जीतू राठौर मौजूद रहे।






Be First to Comment