शिवपुरी। सुभाषपुरा थाने के गुरावल गांव में 8 जून को विवाहिता ने दुपट्टे का फंदा बनाकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। पुलिस विवेचना में विवाहित की मौत का कारण सास निकली है। आए दिन ताने मारने और मारपीट से परेशान होकर किरन सेन ने फांसी लगाई थी। पुलिस ने हत्या के लिए मजबूर करने के जुर्म में सास के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक किरन सेन पत्नी सोनू सेन निवासी ग्राम गुरावल ने 8 जून को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। पीएम रिपोर्ट में हत्या की वजह फांसी सामने आई है। जांच के दौरान मृतिका सेन के पिता आशाराम सेन निवासी ग्राम डोंगरपुर ताल ग्वालियर एवं भाई अमन सेन ने कथनों में किरन की मौत की वजह सास मुन्नी बाई सेन को ठहराया है।
पिता ने बताया कि किरन की शादी आज से करीब 8 साल पहले सोनू सेन निवासी गुरावल के संग हुई थी। किरन को शादी के करीब 6-7 साल तक ससुराल में कोई परेशानी नहीं थी। एक साल पहले किरन की सास मुन्नी बाई सेन जरा-जरा सी बात पर टोका टाकी कर गाली-गलौज कर परेशान करने लगी। कहती थी कि तू घर के बाहर क्यों बैठती है, मांग क्यों भरती है। ऐसी ही बेवजह की बातें कर परेशान कर झगडा करती रहती थी। सास ने किरन को लडाई झगडा कर दो बार घर से बाहर भी निकाल दिया था।
7 जून को कॉल आया सास पीट रही है, 8 को हो गई मौत
मुन्नी बाई के व्यवहार के कारण किरन परेशान रहती थी। किरन जब ग्राम डोंगरपुर ताल आती थी, तब यही सभी बातें वह हम लोगों को बताती थी। किरन के ससुराल ग्राम गुरावल जाकर सास को समझाया, लेकिन वह नहीं मानी। 7 जून को किरन ने रात 11 बजे कॉल करके बताया कि मेरी सास मुन्नी बाई मेरी मारपीट कर रही है। पिता आशाराम ने किरन से मायके आने की बात कही।
लेकिन 8 जून को कॉल आया कि किरन की मौत हो गई है। मौत का कारण पूछा तो बताया कि किरन ने फाँसी लगा ली है। पुलिस ने सास मुन्नीबाई सेन के खिलाफ धारा 306 के तहत केस दर्ज कर लिया है।






Be First to Comment