शिवपुरी। कार्यालय मंडी बोर्ड ग्वालियर के संयुक्त संचालक आरपी चक्रवर्ती द्वारा गठित उड़नदस्ते ने सिकंदरा नाके पर चेकिंग करते हुए दो वाहनों पर कार्रवाई की है। यह बिना मंडी शुल्क चुकाए प्रदेश की कृषि उपज का दूसरे राज्यों में परिवहन कर रहे थे। उड़नदस्ते ने इन दो वाहनों से 1.78 लाख रुपये का जुर्माना वसूला है।
उड़नदस्ते के प्रभारी ने अपनी टीम के साथ सिकंदरा बैरियर (दिनारा) के पास चेकिंग लगाई थी। मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश की इस बार्डर से बड़ी संख्या में वाहन निकलते हैं। जांच के दौरान श्योपुर से कानपुर जा रहे चना के ट्रक क्रमांक एमपी 33एच4590 से मंडी शुल्क एवं समझौता शुल्क 114013 रुपये एवं निराश्रित शुल्क 2907 रुपए आनंदेश्वर एग्रो प्राथमिक लिमिटेड कानपुर उत्तर प्रदेश से वसूल किए। इसी तरह निवाड़ी (मध्य प्रदेश) से बारा (राजस्थान) जा रहे ट्रक क्रमांक आरजे 26 जीए 1648 को भी टीम ने पकड़ा। इसमें गेहूं भरा हुआ था और यह मेसर्स बिहारी जी ट्रेडिंग कंपनी निवाड़ी का था। इस वाहन से टीम ने मंडी शुल्क एवं समझौता शुल्क 60073 रुपये एवं निराश्रित शुल्क 1495 रुपये वसूल किए गए। उड़न दस्ते द्वारा उक्त कार्रवाई से अवैध परिवहन करने वाले व्यापारियों में हड़कंप व्याप्त हो गया है। उल्लेखनीय है कि कृषि उपज का परिवहन बिना टैक्स चुकाए अन्य प्रदेशों में भेजा जा रहा है। इसी अवैध परिवहन की रोकथाम के लिए आंचलिक कार्यालय द्वारा उड़न दस्ते का गठन किया गया है जो समय-समय पर विभिन्ना स्थानों पर कृषि उपज की जांच कर अवैध वाहनों पर कार्रवाई करते हैं। इसके पूर्व उड़न दस्ते द्वारा शिवपुरी एवं पिछोर में भी बड़ी कार्रवाई कर वाहनों से जुर्माना वसूला गया है।






Be First to Comment