शिवपुरी। पिछले माह शुरू हुए सिद्धेश्वर मेले की अवधि कुछ और दिनों के लिए बढ़ा दी गई है। अब शहरवासी कुछ दिन और मेले का लुत्फ उठा सकेंगे। 4 जून को इसकी एक माह की अवधि पूरी हो गई थी। लेकिन नगर पालिका मेला ठेकेदार को ग्राउंड कुछ देरी से हैंडओवर कर पाई थी। साथ ही शुरुआत में दुकानदारों और मेला ठेकेदार में विवाद भी सामने आया था जिसके कारण मेला देर से लग सका था। अब करीब 10 दिनों का एक्सटेंशन दिया गया है। बुधवार की रात कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह भी अचानक मेला परिसर में पहुंच गए। यहां उन्होंने निरीक्षण करने के साथ चाट-चौपाटी का आनंद भी लिया। कलेक्टर को आमजन की तरह मेला घूमते देख लोगों को भी अच्छा लगा।
कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह ने बताया कि निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य था कि अब मौसम में परिवर्तन हो रहा है। बारिश के आसार बन रहे हैं और ऐसे में आंधी व बिजली की समस्या आती है। इलेक्ट्रिकल और मैकेनिकल उपकरणों को बिजली का अधिक खतरा रहता है जो मेले में है। यहां पर सुरक्षा की और मौसम से निपटने की व्यवस्थाएं देखी हैं। ठेकेदार को निर्देशित भी किया है कि आने वाले दिनों में इस तरह की स्थिति बनती है तो इसके लिए तैयार रहें।
रात में समय पर बंद करें मेला
कलेक्टर ने कहा कि रात में 11 बजे के बाद मेले का संचालन नहीं होना चाहिए। इससे आसपास रहने वालों को परेशानी आती है। इसके साथ ही यहां कलेक्टर ने कई लोगों से बात भी की और उनके अनुभव जाने। कलेक्टर ने कहा कि यदि इस बार मेले का आयोजन अच्छा रहेगा और बाहर से आए दुकानदार मुनाफा कमाकर जाएंगे तो यह शहर की अच्छी पब्लिसिटी करेंगे। इस बार मेला अच्छा रहा है और अगले साल इसे गर्मियों के पहले लगाने और अधिक अवधि के लिए लगाने पर भी विचार करेंगे।






Be First to Comment