Press "Enter" to skip to content

मां खाने पर इंतजार करती रही, उधर नहाने गए दो सगे भाईयों की तालाब में डूबने से मौत / Shivpuri News

कोलारस। कोलारस थाना अंतर्गत आने वाले ग्राम कुम्हरौआ में तालाब में डूबने से दो सगे भाइयों की दर्दनाक मौत हो गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे परिजनों ने दोनों भाइयों के शवों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों भाइयों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कोलारस थाना क्षेत्र के ग्राम कुम्हरौआ में बुधवार की सुबह लगभग दस बजे 10 वर्षीय रितिक धाकड़ पुत्र विनोद धाकड़ अपने छोटे भाई प्रिंस धाकड़ पुत्र विनोद धाकड़ उम्र 7 वर्ष के साथ नहाने की कहकर घर से निकला था। काफी देर बाद भी दोनों भाई जब घर पर लौटकर नहीं आए तो घर वालों को चिंता होने लगी। जब दोपहर के 12 बजे गए तो उनकी मां गौरा बच्चों को ढ़ूढने के लिए निकल गईं। जब वह तालाब पर पहुंची तो दोनों बच्चों रितिक और प्रिंस के कपड़े किनारे पर सूख रहे थे और बच्चों के शव तालाब में उतरा रहे थे। दोनों के शव देख मां बदहवास हो गई और मौके पर चीख पुखार मच गई। इसके बाद ग्रामीण वहां पहुंचे और दोनों बच्चों के शवों को बाहर निकाला। तब तक डायल 100 की गाड़ी भी मौके पर पहुंच गई। आरक्षक चालक सद्दाम खान ने इसकी सूचना थाने पर दी तो एसडीओपी और टीआइ भी मौके पर पहुंचे और शवों को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। दोनों शवों को पीएम कराकर स्वजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। तालाब की गहराई करीब 15 से 20 फीट तक है। ऐसी आशंका है कि किनारे पर नहाते हुए बच्चे गहराई में उतर गए और तैरना नहीं जानने के कारण डूब गए।

मां खाने पर कर रही थी इंतजार

जब दोनों बच्चे नहाने का कहकर निकले तो सुबह के 10 बज रहे थे। मां गौरा ने बताया कि उसे लगा कि बच्चे जब नहाकर आएंगे तो भूख लगेगी। वह उनके लिए खाना बनाने लग गई। उन्होंने बताया कि मुझे अनुमान था कि बच्चे तालाब के किनारे पर बैठकर नहा रहे होंगे। अक्सर यहां पर बच्चे नहाते हैं। ऐसा बिल्कुल भी नहीं पता था कि वह दोनों तालाब में उतर जाएंगे, नहीं तो उन्हें जाने ही नहीं देती। दोनों बच्चों की मौत के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!