Press "Enter" to skip to content

भ्रष्टाचार : पीडीएस दुकानों पर वितरण के लिए आए चावल में निकले कीड़े, लोगों ने लौटाया / Shivpuri News

शिवपुरी। पीडीएस की दुकानों पर वितरण के लिए जो चावल दिया गया है उसमें भारी भ्रष्टाचार हुआ है। चावल इंसानों तो क्या जानवरों के खाने लायक भी नहीं है। चावलों में फफंूद के साथ इल्ली लगी हुई हैं। कई दुकानों ने तो यह लौटाने तक का बोल दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार जो धान खरीदी हुई थी उसमें मिलर से मिलने वाले माल में गड़बड़ी हुई है। जो शासकीय धान खरीदी की जाती है उसमें धान से चावल का दाना निकालने का काम लोकल मिलर को दिया जाता है। लोकल मिलरों ने धान से चावल निकालने के बाद अच्छी क्वालिटी का माल बाजार में बेच दिया। इसके बाद खराब माल लेकर उसे वेयर हाउसों में भिजवा दिया। वेयर हाउसों में इस समय करीब 40 हजार बोरी से अधिक माल रखा हुआ है और इतना ही माल दुकानों को भेजा जा चुका है जिसका वितरण भी हो चुका है। मिलरों से माल लेते वक्त क्वालिटी चेक करना खाद्य आपूर्ति निगम का काम है, लेकिन उन्होंने जांच की या नहीं अब यह भी जांच का विषय है।

गरीबों ने दुकानों पर फेंक दिए चावल

जिले में कई पीडीएस दुकानों पर चावल की गुणवत्ता को देखकर गरीबों ने भी इसे वापस फेंक दिया। जब पीडीएस दुकान के सेल्समैनों और प्रबंधकों ने इसकी शिकायत वेयर हाउस पर की तो यह बात अधिकारियों तक भी पहुंचाई गई, लेकिन किसी ने कोई जांच या कार्रवाई करना उचित नहीं समझा। करीब 50 से ज्यादा शिकायतें इस संबंध में प्राप्त हुई हैं।

जांच भी आई जांच के घेरे में

जब लोकल मिलर से माल वापस लिया जाता है तो यह खाद्य आपूर्ति निगम की जिम्मेदारी है कि वह माल चेक करे कि उसकी गुणवत्ता कैसी है। इसके अलावा दूसरे जिलों से आने वाली रैक की जांच भी इन्हीं की जिम्मेदारी है। निगम के अधिकारियों ने मिलरों के साथ सांठगांठ कर इस घटिया माल को खपाने की तैयारी की है। वेयर हाउस संचालकों को भी हैरानी है कि चावल में कीड़े कैसे लगे हैं जबकि यह माल शिवपुरी का है और यहां का धान क्वालिटी में काफी अच्छा होता है।

इनका कहना है

यदि ऐसा है तो इसकी जांच कराएंगे। जांच में जो भी परिणाम आएंगे उसके आधार पर कार्रवाई भी की जाएगी।

– अक्षय कुमार सिंह, कलेक्टर ।

More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!