खनियांधाना। छोटे से नगर खनियांधाना की बेटी दृशि जैन ने चार्टर्ड अकाउंटेंसी (CA) की प्रतिष्ठित परीक्षा पहले ही प्रयास में पास कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। आईसीएआई द्वारा घोषित सीए फाइनल परीक्षा परिणाम में दृशि ने एक साथ दोनों ग्रुप क्लियर कर यह उपलब्धि हासिल की।
दृशि जैन नगर के समाजसेवी एवं पत्रकार सचिन मोदी की पुत्री हैं। उनकी सफलता से परिवार, समाज और पूरे नगर में खुशी का माहौल है। विशेष बात यह है कि उनके परिवार में पहले से तीन सदस्य सीए हैं और अब दृशि परिवार की चौथी सीए बन गई हैं।
दृशि ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा खनियांधाना के श्री नंदीश्वर विद्यालय से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने आत्मार्थी कन्या विद्या निकेतन, दिल्ली से आगे की शिक्षा ग्रहण की। कोरोना काल में घर से ऑनलाइन पढ़ाई करते हुए उन्होंने सीए फाउंडेशन पास किया और बाद में इंदौर में रहकर सीए इंटर के दोनों ग्रुप एक साथ उत्तीर्ण किए। आर्टिकलशिप पूरी करने के बाद उन्होंने मई 2026 में सीए फाइनल की परीक्षा दी और पहले ही प्रयास में सफलता हासिल कर ली।
दृशि ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और परिवार के सहयोग को दिया। उन्होंने बताया कि लक्ष्य हासिल करने के लिए रोजाना 14 से 16 घंटे अध्ययन किया और सोशल मीडिया व मोबाइल से दूरी बनाए रखी। उनका कहना है कि कठिन से कठिन परीक्षा भी मेहनत, अनुशासन और लगन से पास की जा सकती है।
दृशि की इस उपलब्धि पर नगर के गणमान्य नागरिकों, समाजजनों और मित्रों ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।







Be First to Comment