20 डंपर, एक एलएनटी और दो पनडुब्बी जब्त

शिवपुरी। शिवपुरी जिले के करैरा विकासखण्ड अंतर्गत आने वाले ग्राम डाबरसामी में प्रशासन ने एक बड़ी कार्यवाही को अंजाम देते हुए रेत के अवैध उत्खनन एवं परिवहन में लगे 20 डंपर, एक एलएनटी और दो पनडुब्बियों को जब्त किया है। प्रशासन ने उक्त कार्यवाही को बीती मध्यरात्रि अंजाम दिया। अवैध उत्खननकर्ताओं को प्रशासन की कार्यवाही की भनक लग जाने के कारण वे सभी अपने वाहन और मशीनें छोड़कर भाग जाने में सफल रहे। रात 2 बजे से प्रारंभ हुई कार्यवाही अभी भी जारी है। इस कार्यवाही को अंजाम देने में करैरा एसडीएम सीबी प्रसाद, खनिज विभाग और संबंधित थाना क्षेत्रों की पुलिस शामिल रही।
गौरतलब है कि शिवपुरी जिले का करैरा विकासखण्ड रेत के अवैध कारोबारियों के स्वर्ग बना हुआ है। यहां के डाबरसामी, अमोलपठा जैसे इलाकों में रेत का अवैध कारोबार करने वालों की जबर्दस्त पैठ है जिसके चलते वे यहां बेखौफ अंदाज में रेत का अवैध कारोबार करते हैं। बीते दिनों करैरा एसडीएम सीबी प्रसाद ने खनिज विभाग के साथ मिलकर इसी इलाके में रेत का अवैध परिवहन कारोबार में लिप्त 18 डंपरों को कार्यवाही की जद में लिया था उसी के तुरंत बाद शिवपुरी जिले की प्रभारी कलेक्टर नेहा सिंह मारव्या ने सीबी प्रसाद को करैरा एसडीएम के पद से हटाकर मुकेश शर्मा को पदस्थ कर दिया गया था, हालांकि इस आदेश के तुरंत बाद जहां एक ओर सीबी प्रसाद छुट्टी पर चले गए थे, वहीं मुकेश शर्मा ने भी पदभार ग्रहण नहीं किया था और जैसे ही कलेक्टर ओपी श्रीवास्तव प्रशिक्षण उपरांत वापस आए उन्होंने तुरंत पूर्व की स्थिति बनाते हुए पुन: सीबी प्रसाद के आदेश कर दिए थे जिसके तुरंत बाद सीबी प्रसाद ने कार्यभार ग्रहण कर लिया था। श्री प्रसाद के कार्यभार ग्रहण करने के बाद करैरा प्रशासन की यह एक बड़ी कार्यवाही मानी जा रही है।






Be First to Comment