करैरा। साइबर ठगों ने कोरियर डिलीवरी के बहाने 64 वर्षीय रिटायर्ड प्राचार्य को निशाना बनाकर उनके बैंक खाते से 50 हजार रुपए निकाल लिए। ठग ने प्ले स्टोर से फर्जी ऐप डाउनलोड करवाकर मोबाइल को हैक किया। पीड़ित की शिकायत पर करैरा थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घड़ियाली मोहल्ला, बिहारी गंज निवासी रिटायर्ड प्राचार्य अरविंद कुमार त्रिपाठी ने पुलिस को बताया कि वे अपनी पत्नी के लिए ऑनलाइन दवाएं मंगाते हैं। 11 अगस्त को दवा का कोरियर नहीं पहुंचा तो उन्होंने संबंधित कंपनी से संपर्क करने की कोशिश की। कुछ घंटे बाद एक व्यक्ति ने फोन कर खुद को कोरियर कंपनी का कर्मचारी बताया और पता अपडेट नहीं होने के कारण डिलीवरी रुकने की बात कही।
आरोपी ने उन्हें प्ले स्टोर से एक कोरियर ऐप डाउनलोड करने को कहा। ऐप प्ले स्टोर पर उपलब्ध होने के कारण प्राचार्य को उस पर भरोसा हो गया। आरोपी ने ऐप के माध्यम से उनसे पता अपडेट करने की प्रक्रिया पूरी करवाई।
इसके कुछ समय बाद उनका मोबाइल अचानक हैक हो गया। मोबाइल सामान्य होने पर उन्होंने बैंक खाते की जांच की तो 50 हजार रुपए निकाले जा चुके थे। ठगी का पता चलते ही उन्होंने तत्काल मोबाइल से सिम निकाल दी, जिससे आगे की रकम निकलने से बच गई।
पुलिस अब मोबाइल नंबर, डाउनलोड किए गए ऐप और बैंक खाते से हुए ट्रांजेक्शन की जानकारी के आधार पर साइबर ठग तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।







Be First to Comment