Press "Enter" to skip to content

लाइसेंस 2010 का, फिर भी कार चलाना नहीं आती थी छात्रा के हत्यारे को,


संत हिरदाराम नगर, भोपाल ।बैरागढ़ में दो स्कूली छात्राओं को कुचलने वाले कार चालक को आरटीओ ने सन 2010 में ड्राइविंग लाइसेंस जारी किया था फिर भी उसे कार अच्छी तरह चलाना नहीं आती थी। हैरान करने वाली बात यह है आरोपी ने पुलिस को दिए बयान में खुद स्वीकार किया है कि वह कार चलाना सीख रहा था।गुरूवार को सीटीओ-कैलाशनगर जोड़ पर हुए दर्दनाक हादसे में मून रेसीडेंसी कैलाशनगर निवासी अनिल शिवदासानी की बेटी गरिमा उर्फ गुनगुन की जान चली गई। उसकी सहेली स्तुति सेंगर गंभीर रूप से घायल हो गई थी।पुलिस ने कार चला रहे कैलाशनगर निवासी कन्हैया देवानी के खिलाफ धारा 304 ए के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। शुक्रवार को न्यायालय से जमानत मिल गई। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी जब ठीक से कार चलाना जानता ही नहीं था तो उसे ड्राइविंग लाइसेंस कैसे जारी कर दिया गया।
पुलिस आरटीओ को पत्र लिखेगी
पुलिस ने आरोपी कार चालक कन्हैया देवानी के बयान के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी सुधीर अरजरिया के अनुसार आरोपी के पास वैध लाइसेंस है इसी आधार पर उसे जमानत मिली है लेकिन उसका बयान विरोधाभास पैदा करने वाला है। पुलिस अब भोपाल आरटीओ को पत्र लिखकर लाइसेंस के बारे में जानकारी मांगेगी। आरटीओ को दुर्घटना और पूरे घटनाक्रम की जानकारी देगी।
मां मुस्कान अब भी बेसुध
दर्दनाक हादसे में अपनी लाड़ली बेटी को खो चुका शिवदासानी परिवार अब भी दुख से नहीं उबर सका है। गुनगुन की मां मुस्कान अब भी बेसुध है। वह रह-रहकर पूछती है गुनगुन कहां है। पहले दिन तो उसकी आंखे पथरा गई थीं वह दिन भर रोई भी नहीं।शुक्रवार को नवनीध स्कूल के प्राचार्य मनीष जैन एवं शिक्षिकाओं ने उन्हें ढाढस बंधाया। श्री जैन के अनुसार मुस्कान को बेटी की मौत से गहरा सदमा लगा है। पिता, दादी, पड़ौसी सब दुखी हैं। उधर दुर्घटना में घायल स्तुति सेंगर की स्थिति अब खतरे से बाहर है, उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
नवनीध स्कूल में शोक सभा
अपनी प्रिय छात्रा की मौत से नवनीध स्कूल की छात्राएं और सहपाठी दुखी हैं। शुक्रवार को स्कूल में शोक सभा हुई। शहीद हेमू कालानी शिक्षण संस्थान के सचिव घनश्याम बूलचंदानी, हीरो ज्ञानचंदानी, मनोहर वासवानी, केएल रामनानी एवं जीव सेवा संस्थान के सचिव महेश दयारामानी ने गरिमा शिवदासानी के निधन पर गहरा शोक प्रकट किया है।
More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!